शहर

Delhi Dehradun Corridor पर भीषण सड़क हादसा, देहरादून की ओर जा रहे दो युवकों की मौत

दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर पर उत्तर प्रदेश के बागपत में आज एक तेज रफ्तार कार बैरियर से टकरा गई। इस सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। इस दौरान एक अन्य कार भी इसके चपेट में आ गई।

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में आज यानी बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे (Delhi Dehradun Corridor) पर हुए इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बैरियर से टकरा गई, जिससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।

यह भीषण सड़क हादसा उत्तर प्रदेश में बागपत शहर के कोतवाली क्षेत्र में मविकला गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की तरफ दौड़े और पुलिस को इस संबंध में सूचना दी।

देहरादून की ओर जा रही थी कार

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक कार से देहरादून की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी मविकला गांव के पास पहुंची, अचानक ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

एक अन्य कार को भी पहुंचा नुकसान

इस सड़क हादसे के दौरान पास से गुजर रही एक अन्य कार भी इस एक्सीडेंट की चपेट में आ गई। इससे दूसरी कार को भी नुकसान पहुंचा। एक्सीडेंट के संबंध में सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात फिर से सुचारु कराया।

क्यों हुआ इतना भीषण सड़क हादसा?

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और कार से नियंत्रण खोना माना जा रहा है।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कॉरिडोर पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। बता दें कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का अभी विधिवत उद्घाटन नहीं हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 14 अप्रैल को Delhi Dehradun Expressway (Delhi Dehradun Economic Corridor) का उद्घाटन करेंगे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article