Faridabad: फरीदाबाद में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। पुलिस खासकर ऐसे युवाओं पर कार्रवाई कर रही है, जो बुलेट से पटाखे बजाते हैं। ऐसे लोगों पर कार्रवाई के लिए बुधवार को ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने वाले 40 से अधिक वाहनों का चालान काटा। इस जांच के दौरान ट्रैफिक पुलिस को पता चला कि, एक प्राइवेट कॉलेज के सामने कुछ युवक बुलेट से पटाखे छोड़कर लोगों को परेशान कर रहे हैं। जानकारी मिलते ही एक पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर दो अलग-अलग बुलेट को पकड़ लिया।
ट्रैफिक पुलिस ने इन दोनों बुलेट मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर साढ़े 42 हजार रुपये का चालान भी काटा। साथ ही पुलिस ने दोनों युवकों को चेतावनी देकर पैदल ही घर भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, कुछ युवक बुलेट से पटाखे छोड़कर बेवजह लोगों को परेशान करते हैं। ऐसे लोगों पर सख्ती बरती जा रही है। ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों को ऐसे लोगों के खिलाफ अधिकतम चालान करने को कहा गया है, जो नियमों की धज्जियां उड़ाते हैं।
बुलेट से पटाखे बजाना कानूनी अपराध, होगी सख्त कार्रवाई
फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करने के लिए बुधवार को ओल्ड फरीदाबाद चौक के पास नाका लगाकर जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने कई वाहनों की जांच कर हेलमेट न पहनने वाले, ट्रिपलिंग व अन्य नियम तोड़ने वाले लोगों का चालान काटना शुरू किया। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि, पास के एक कॉलेज के पास कुछ युवक हुड़दंग मचाते हुए बुलटे से पटाखे बजा रहे हैं। एसआई जय भगवान ने बताया कि, सूचना मिलते ही एक पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर दो बुलेट को पकड़ लिया। उन बुलेट की जांच में पता चला कि, पटाखे बजाने के लिए उनके साइलेंसर को मॉडिफाई कराया गया था। जिसके बाद एक बुलेट चालक का साढ़े 22 हजार रुपये और दूसरे का 20 हजार रुपये का चालान काटने के साथ दोनों ही मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर लिया गया है। एसआई जय भगवान ने बताया कि, उच्च अधिकारियों की तरफ से बुलेट से पटाखे बजाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश है। साइलेंसर से पटाखे बजाना कानूनी अपराध है और यह किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
