Faridabad: नए वर्ष में रोडवेज यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने जा रही है। नए साल पर फरीदाबाद रोडवेज के बेड़े में 77 नई बसें शामिल होने जा रही हैं। इन बसों में 50 इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल हैं। नए साल के दूसरे माह से ये सभी बसें स्मार्ट सिटी की सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी। साथ ही लंबे रूट की बसों में भी बढ़ोतरी की जाएगी। नवनिर्मित एनआईटी बस अड्डे से इन बसों को चलाने के लिए छह नए रूट तैयार किए जाएंगे। ऐसे में फरीदाबाद के लोगों को बस सुविधा लेने के लिए दिल्ली की तरफ रूख नहीं करना होगा।
बता दें कि, फरीदाबाद के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा देने के लिए हरियाणा रोडवेज और फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण लगातार अपनी सुविधाओं में विकास करने में लगा हैं। इसी योजना के तहत इन बसों को हरियाणा रोडवेज के बेड़े में शामिल किया जा रहा है। इनमें से 50 इलेक्ट्रिक बसों को फरीदाबाद सहित आसपास के क्षेत्र के रूट पर चलाया जाएगा, वहीं डीजल से चलने वाली 27 बसों को दूसरे जिलों व राज्यों के बीच लंबे रूट पर चलाया जाएगा।
