Faridabad New Year Traffic Advisory: नए साल के आगमन पर होने वाले जश्न पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने सुरक्षा व ट्रैफिक तैयारियों को पूरा कर लिया है। फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर विकास कुमार अरोड़ा ने सभी डीसीपी एसीपी के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और सभी थाना और चौकी प्रभारियों को विशेष दिशानिर्देश दिए हैं। पुलिस कमिश्नर विकास कुमार अरोड़ा ने बताया कि 31 दिसंबर की रात को होने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। शहर में कानून व्यवस्था कायम करने के लिए पूरी रात शहर की सड़कों पर करीब 2000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
कमिश्नर अरोड़ा ने बताया कि जिले के सभी पुलिस डीसीपी और एसीपी अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गश्त कर कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने में सहयोग करेंगे। इसके अलावा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए खास प्लान तैयार किया गया है। भीड़भाड़ वाली सभी प्रमुख जगहों पर शाम 6 बजे से ही वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। साथ ही शाम 6 बजे से रात 2 बजे तक शहर में 60 से अधिक जगहों पर नाके लगाकर वाहनों की जांच की जाएगी। पुलिस कमिश्नर ने आज रात के लिए लोगों से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की है।
