शहर

भाऊ गैंग से दिल्ली क्राइम ब्रांच का हुआ सामना, क्रॉस फायरिंग; 2 शूटर अरेस्ट

दिल्ली क्राइम ब्रांच की जवाबी फायरिंग में विक्की उर्फ मोगली के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू में ले लिया। वहीं, उसके साथी चंदर भान को भी घेराबंदी कर बिना किसी नुकसान के गिरफ्तार कर लिया गया।

Image

दिल्ली क्राइम ब्रांच

दिल्ली : क्राइम ब्रांच और कुख्यात बदमाशों के बीच गुरुवार रात एक बार फिर मुठभेड़ की घटना सामने आई है। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने हिमांशु उर्फ भाऊ गैंग से जुड़े दो शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि हिमांशु उर्फ भाऊ गैंग के शूटर एक सफेद रंग की आई-20 कार में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध कार की पहचान कर उसे रोकने की कोशिश की। जैसे ही पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, कार में सवार आरोपियों ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपी विक्की उर्फ मोगली ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पुलिस टीम ने संयम और सतर्कता दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की।

मोगली के पैर में गोली लगी

जवाबी फायरिंग में विक्की उर्फ मोगली के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू में ले लिया। वहीं, उसके साथी चंदर भान को भी घेराबंदी कर बिना किसी नुकसान के गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की उर्फ मोगली और चंदर भान के रूप में हुई है। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की रडार पर थे और कई आपराधिक मामलों में वांछित बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी गैंग के लिए सुपारी लेकर वारदातों को अंजाम देते थे।

दिल्ली पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हाल के दिनों में हुई किन वारदातों में इनकी संलिप्तता रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article