शहर

Delhi: एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक की बदल देते थे तारीख! क्राइम ब्रांच ने किया गिरोह का भंडाफोड़; तीन गिरफ्तार

Delhi Expiry Change Gang: दिल्ली पुलिस ने द्वारका में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक्स और बिस्किट पर नकली तारीख छापकर बेचने वाले गिरोह को पकड़ा है। भारी मात्रा में केमिकल और मशीनें बरामद हुई हैं। ये गिरोह सस्ते दामों में एक्सपायर्ड बिस्किट और कोल्डड्रिंक खरीदकर बाजार में खपा देते थे।

Image

जब्त सामान के साथ क्राइम ब्रांच की टीम

Photo : Times Now Digital

Delhi News: राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में क्राइम ब्रांच ने एक संगठित सिंडिकेट को बेनकाब किया है, जो नामी मल्टीनेशनल ब्रांड्स के एक्सपायरी प्रोडक्ट्स की तारीख बदलकर उन्हें दोबारा बाजार में बेच रहा था। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के मुख्य सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कई नामी ब्रांड्स के सैकड़ों कोल्डड्रिंक के कैन और बिस्किट के पैकेट बरामद हुए हैं।

बामनौली गांव के गोदाम में चल रहा था खेल

क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि द्वारका के बामनौली गांव स्थित एक गोदाम में बड़े पैमाने पर एक्सपायरी या खत्म होने की कगार पर पहुंच चुके प्रोडक्ट्स को जमा किया जा रहा है। सूचना पुख्ता होने पर पुलिस टीम ने गोदाम पर छापा मारा। मौके से शिवम और लोकेश नाम के दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया, जबकि बाद में इनके मुख्य साथी कमल मुद्गिल को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

केमिकल और मशीन से बदल देते थे एक्सपायरी

पुलिस की जांच में इस गिरोह के काम करने के तरीके का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। ये आरोपी पहले बाजार से बेहद कम दामों पर एक्सपायरी सामान खरीदते थे। इसके बाद एक खास केमिकल के जरिए पैकेट या कैन पर छपी पुरानी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट को मिटा दिया जाता था। फिर आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल कर उन पर नई और नकली तारीखें छाप दी जाती थीं, जिससे ग्राहक को सामान बिल्कुल ताजा लगे।

भारी मात्रा में ब्रांडेड सामान जब्त

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कई नामी ब्रांड्स के सैकड़ों कैन बरामद किए। इसके अलावा बड़ी संख्या में बिस्किट के पैकेट, डेट मिटाने वाला केमिकल और नई तारीख छापने वाली मशीनें भी जब्त की गई हैं। यह सारा सामान दोबारा पैक कर रिटेल दुकानों और स्थानीय बाजारों में सप्लाई किया जाना था।

सेहत के लिए बड़ा खतरा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक और बिस्किट का सेवन करने से फूड पॉइजनिंग और अन्य गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और इन्होंने अब तक कितना माल बाजार में खपाया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article