शहर

दिल्ली में धूल-आंधी के बाद बारिश; AQI 266, कई इलाकों में ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी

दिल्ली में शुक्रवार सुबह चली धूल भरी आंधी के बाद कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम में बदलाव आया। IMD ने दक्षिण और मध्य दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा अन्य हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

Image

दिल्‍ली में हुई बारिश। (सांकेतिक फोटो)

Photo : BCCL

राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह धूल भरी आंधी चलने के बाद कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग ने शनिवार को बिजली कड़कने और आंधी चलने का पूर्वानुमान जताया है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम था। दक्षिण, मध्य और नयी दिल्ली के लिए ’ऑरेंज अलर्ट’ जबकि दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लिए ’येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

स्टेशनवार आंकड़ों के अनुसार, पालम में अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम था। लोधी रोड और रिज स्टेशन में 33 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। आयानगर में 34 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक था। दिल्ली के कुछ हिस्सों में दिन के दौरान और देर शाम को भी हल्की बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं।

मौसम विशेषज्ञों ने सुबह की धूल भरी आंधी का कारण पश्चिमी हिमालय के ऊपर मौजूद एक विक्षोभ को बताया, जिसके कारण मध्य पाकिस्तान और उससे सटे राजस्थान और हरियाणा के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बन गया है।

’स्काईमेट’ के मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन विभाग के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि पिछले एक महीने से पश्चिमी हिमालय के ऊपर एक विक्षोभ लगातार सक्रिय हो रहा है, जिससे एक नियमित पैटर्न बन गया है। यह प्रणाली मध्य पाकिस्तान और उससे सटे राजस्थान और हरियाणा के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण उत्पन्न कर रही है, जो अब दिल्ली-एनसीआर को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने बताया कि हवाएं पूर्वी दिशा में चलने लगी हैं, जिससे नमी आ रही है और छिटपुट बारिश, गरज के साथ तूफान और तेज हवाएं चल रही हैं।

पलावत ने कहा कि पांच अप्रैल को तापमान में अस्थायी वृद्धि की संभावना है, जिसके बाद छह और सात अप्रैल को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और गरज के साथ तूफान का एक और दौर आएगा। इसके बाद तापमान में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक है। विभिन्न निगरानी केंद्रों में, पालम में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक), लोधी रोड में 21.1 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक), रिज में 20.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक) और आयानगर में 21.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया।

इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 266 रहा, जो ’खराब’ श्रेणी में आता है।

सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 0-50 का एक्यूआई ’अच्छा’, 51-100 ’संतोषजनक’, 101-200 ’मध्यम’, 201-300 ’खराब’, 301-400 ’बहुत खराब’ और 401-500 ’गंभीर’ माना जाता है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article