DU Elections 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया के अंतिम दिन मालवीय नगर स्थित श्री अरविंदो कॉलेज में देर रात तक जमकर हंगामा हुआ। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान कुछ छात्रों के पर्चे कॉलेज प्रशासन की ओर से निर्धारित अटेंडेंस मानदंड पूरा नहीं होने का हवाला देते हुए निरस्त कर दिए गए। इसके बाद नाराज छात्र बड़ी संख्या में कॉलेज परिसर में जुट गए और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
छात्रों का आरोप है कि चुनाव में उम्मीदवार बनने के लिए उन्होंने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन जांच के दौरान अटेंडेंस से संबंधित नियमों का आधार बनाकर उनके पर्चे खारिज कर दिए गए। नामांकन रद्द होने की जानकारी सामने आने के बाद छात्रों में नाराजगी बढ़ गई। उन्होंने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए फैसले पर आपत्ति जताई और नामांकन पत्रों की दोबारा समीक्षा किए जाने की मांग की।
विरोध प्रदर्शन ने जोर पकड़ा
देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने जोर पकड़ लिया। कॉलेज परिसर में काफी देर तक छात्रों और प्रशासन के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कॉलेज में मौजूद कुछ शिक्षकों को देर रात तक बाहर जाने से रोक दिया। इस दौरान परिसर में लगातार नारेबाजी होती रही और स्थिति को लेकर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि नामांकन पत्र रद्द किए जाने से उन्हें छात्रसंघ चुनाव में हिस्सा लेने के अधिकार से वंचित किया जा रहा है। उनका दावा है कि संबंधित फैसले पर प्रशासन को फिर से विचार करना चाहिए और उम्मीदवारों को अपना पक्ष रखने का अवसर मिलना चाहिए।
नामांकन की दोबारा जांच की जाए
वहीं, नामांकन निरस्त होने वाले छात्रों ने कैमरे के सामने अपनी बात रखते हुए कॉलेज प्रशासन की प्रक्रिया और फैसले पर सवाल उठाए। छात्रों की मांग है कि उनके नामांकन की दोबारा जांच की जाए और अगर नियमों के तहत वे चुनाव लड़ने के योग्य हैं, तो उनके पर्चे स्वीकार किए जाएं। पूरे विवाद के चलते नामांकन के अंतिम दिन अरविंदो कॉलेज में देर रात तक राजनीतिक सरगर्मी और विरोध का माहौल बना रहा।
