शहर

Delhi News: आप अपनी गाड़ी घर पर छोड़ें, 24 एक्स्ट्रा ट्रिप के साथ लास्ट माइल कनेक्टिविटी देगी मेट्रो

DMRC ने मंडे मेट्रो आयोजन के चलते आज दिल्ली मेट्रो की 24 अतिरिक्त ट्रिप जोड़ी हैं। यह कदम भीड़ कम करने और यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए उठाया गया है। जरूरत पड़ी तो सप्ताह से अन्य दिनों में भी यही व्यवस्था की जाएगी।

Image

दिल्ली मेट्रो ने बढ़ाए 24 अतिरिक्त फेरे

Delhi News: सरकार की तरफ से विदेश मुद्रा बचाने के लिए ईंधन का कम से कम इस्तेमाल करने का आह्वान किया गया है। लोगों से कार पूल, मेट्रो, बस आदि का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। दिल्ली में आज मेट्रो मंडे मनाया जा रहा है। बड़ी-बड़ी राजनीतिक हस्तियां भी आज अपनी गाड़ी छोड़कर मेट्रो और ऑटो के जरिए सफर करते नजर आ रही हैं। ऐसे में अगर आप भी गाड़ी छोड़कर मेट्रो का सफर करने का मन बना रहे हैं तो आपके लिए दिल्ली मेट्रो ने खास व्यवस्था कर रखी है। चलिए जानते हैं -

24 अतिरिक्ट ट्रिप लगा रही मेट्रो

दिल्ली मेट्रो ने एक बड़ा कदम उठाते हुए अपनी सेवाओं के विस्तार की घोषणा की है। DMRC ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों में ऊर्जा सुरक्षा, आर्थिक स्थिरता और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मेट्रो सेवाओं के इस्तेमाल को बढ़ावा देना बहुत ही जरूरी हो गया है। इस दिशा में DMRC ने परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए 6 अतिरिक्त ट्रेनों के जरिए 24 अतिरिक्त मेट्रो ट्रिप जोड़ने का निर्णय लिया है।

कब से शुरू हुई सेवा

दिल्ली मेट्रो के 24 अतिरिक्त ट्रिप आज यानी सोमवार 18 मई से शुरू हो गए हैं। सोमवार के लिए यह व्यवस्था की गई है। कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर अन्य दिनों में भी अतिरिक्त ट्रिप शुरू किए जा सकते हैं। इसका उद्देश्य यात्रियों की भीड़ को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करना और बिना किसी दिक्कत से मेट्रो सेवा सुनिश्चित करना है।

आप मेट्रो से सफर करें, DMRC ने कस ली कमर

यात्रियों की सुरक्षा और आवाजाही को सुगम बनाने के लिए DMRC ने स्टेशन स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। अतिरिक्त भीड़ के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, अतिरिक्त टिकट काउंटरों का संचालन, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) और बैगेज स्कैनर की सक्रियता बढ़ाई जा रही है, ताकि यात्रियों की कतारें कम हों और फ्रिस्किंग प्रक्रिया तेज हो सके।

मेट्रो का नेटवर्क

दिल्ली मेट्रो का बड़ा नेटवर्क अब कई प्रमुख परिवहन प्रणालियों से जुड़ चुका है, जिसमें रेलवे स्टेशन, इंटर-स्टेट बस टर्मिनल (ISBT), एयरपोर्ट टर्मिनल, Namo Bharat RRTS, Noida Metro और Rapid Metro Gurgaon भी शामिल हैं। यह एकीकृत परिवहन ढांचा निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

लास्ट माइल कनेक्टिविटी का भी इंतजाम

लास्ट माइल कनेक्टिविटी को मजबूती देने के लिए DMRC ने लगभग 160 मेट्रो स्टेशनों पर ई-ऑटो, ई-रिक्शा, बाइक टैक्सी, कैब एग्रीगेटर और साइकिल रेंटल जैसी सुविधाएं भी विकसित की हैं। इसके अलावा DMRC Saarthi App के जरिए यात्रियों को स्मार्ट डोर-टू-डोर यात्रा योजना की सुविधा भी दी जा रही है।

हाइड्रोजन बस और DEVI की सेवाएं

पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए सेंट्रल विस्टा क्षेत्र में हाइड्रोजन आधारित बस सेवा शुरू की गई है, जिसे Indian Oil Corporation Limited के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। साथ ही Delhi Transport Corporation की ‘देवी’ बसें भी 52 मेट्रो स्टेशनों पर लास्ट माइल कनेक्टिविटी प्रदान कर रही हैं।

डिजिटल टिकटिंग यात्रा को बना रही आसान

यही नहीं, मेट्रो के 126 स्टेशनों पर पार्क-एंड-राइड सुविधा उपलब्ध है, जिससे लोग अपने निजी गाड़ियां पार्क कर मेट्रो से यात्रा कर सकते हैं। डिजिटल टिकटिंग सिस्टम जैसे QR टिकट, NCMC कार्ड, व्हाट्सएप टिकटिंग और यूपीआई आधारित ऐप्स भी यात्रा को आसान बना रहे हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article