शहर

Greater Noida News: दहेज उत्पीड़न से पीड़ित महिला ने छत से कूदकर दी जान, 14 महीने पहले ही हुई थी शादी

ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में दहेज उत्पीड़न से पीड़ित एक महिला ने शादी के 14 महीने बाद ही छत से कूदकर जान दे दी। पुलिस ने इस मामले में पति और ससुर को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी।

Image

ग्रेटर नोएडा में विवाहिता ने छत से कूदकर जान दी

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा से बहुत ही दर्दनाक खबर है। यहां के ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र में जलपुरा गांव की निवाही एक महिला ने कल यानी रविवार 17 मई की रात छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह काफी समय से दहेज उत्पीड़न सह रही थी, लेकिन रविवार रात उसका सब्र जवाब दे गया।

मृतक महिला की पहचान दीपिका पुत्री संजय, निवासी कुड़ी खेड़ा, थाना बादलपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपिका की शादी 14 महीने पहले ही जलपुरा निवासी ऋतिक से हुई थी।

पुलिस ने बताया कि रविवार रात दीपिका ने दहेज उत्पीड़न (Dowry Case) से तंग आकर घर की छत से छलांग लगा दी, छत से नीचे गिरने पर दीपिका की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचमाना करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक दीपिका के पिता संजय की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दीपिका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। दीपिका के परिजनों ने उसके ससुराल वालों पर दहेज के लिए परेशान करने और मारपीट का भी आरोप लगाया है।

Deepika suicide case complaint.

दीपिका के पिता की पुलिस को दी गई शिकायत

दीपिका के पिता का कहना है कि हमारी बेटी को दहेज के लोभियों द्वारा मारा गयाहै। उन्होंने कहा, हम चाहते हैं कि इन आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। उन्होंने यहां तक मांग की कि इनका एनकाउंटर किया जाए।

दीपिका की मौत के मामले में पिता की शिकायत पर दर्ज की गई FIR में ससुराल पक्ष से कुल सात लोगों को आरोपी बनाया गया है। FIR के मुताबिक परिवार ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उसके पति और ससुराल वाले दीपिका के साथ लगातार उत्पीड़न और क्रूरता कर रहे थे। शिकायत में दावा किया गया है कि घरेलू विवादों और अन्य मुद्दों को लेकर भी दीपिका को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

FIR के अनुसार दीपिका ने कई बार अपने परिजनों को ससुराल में होने वाले कथित उत्पीड़न की जानकारी भी दी थी। परिवार का दावा है कि उन्हें दीपिका की मौत की सूचना संदिग्ध परिस्थितियों में मिली। परिवार के अनुसार उन्हें दीपिका की मृत्यु के मामले में भी साजिश की आशंका है।

बताया जा रहा है कि 14 महीने पहले दीपिका के पिता संजय ने अपनी बेटी की शादी में 1 करोड़ रुपये खर्च किए थे। जिस बिटिया की शादी में पिता ने एक करोड़ रुपये खर्च किए, आज उन्हें उसी बिटिया का शव देखना पड़ा है।

DCP सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने इस बारे में बताया कि कल रात ईकोटेक-3 पुलिस स्टेशन में खबर आई कि जलपुरा गांव में एक महिला ने छत से कूदकर जान दे दी है। घटना की जानकारी मिलने पर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और सभी जरूरी कानूनी कार्रवाई की गई। मृतक महिला के परिजनों द्वारा लिखित शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article