Delhi Metro News: दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो से यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों के लिए राहत की खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बड़ा कदम उठाया है। DMRC ने घोषणा की है कि 18 मई यानी कल से हर सोमवार 6 अतिरिक्त ट्रेनों के जरिए मेट्रो के 24 अतिरिक्त फेरे शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा बाकी दिनों में भी जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं चलाई जाएंगी।
DMRC के बयान के अनुसार, मौजूदा समय में ऊर्जा सुरक्षा, आर्थिक मजबूती और पर्यावरण संरक्षण के लिए सार्वजनिक परिवहन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो सेवाओं को ज्यादातर लोगों तक पहुंचाने और यात्रियों को सुविधाजनक सफर देने के लिए कई रणनीतिक पहल की जा रही हैं।
पीक ऑवर की भीड़ होगी कम!
डीएमआरसी का कहना है कि मेट्रो के अतिरिक्त फेरे शुरू होने से यात्रियों को स्टेशन पर कम इंतजार करना पड़ेगा। साथ ही पीक ऑवर के दौरान भारी भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी। इससे ऑफिस जाने वाले लोगों और रोजाना यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को सीधा लाभा मिलेगा। डीएमआरसी के अनुसार यात्रियों की संख्या पर लगातार नजर रखी जाएगी। अगर किसी रूट पर ज्यादा भीड़ होगी, तो वहां जरूरत के अनुसार और ट्रेनें बढ़ाई जा सकती हैं। DMRC का कहना है कि उनका लक्ष्य लोगों को आसान, सुरक्षित और आरामदायक सफर देना है।
DMRC लगातार मेट्रो सेवाओं की पहुंच, सुरक्षा और सुविधा बेहतर बनाने पर लगातार काम कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने से सड़कों पर ट्रैफिक में कमी आएगी, ईंधन की बचत होगी और इससे प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। दिल्ली मेट्रो फिलहाल देश की सबसे व्यस्त और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में से एक है, जिसका रोजाना लाखों लोग इस्तेमाल करते हैं।
