बिजनेस

कौन हैं वर्धमान जैन? तिरुमाला तिरुपति मंदिर में 206 करोड़ रुपये का 121 किलो सोना किया दान

Tirumala Tirupati Temple Donation: चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन ने तिरुमाला मंदिर में 206 करोड़ रुपये का 121 किलो सोना दान किया है। एक्सेस हेल्थकेयर के संस्थापक जैन पहले भी कई धार्मिक व सामाजिक कार्यों में करोड़ों दान कर चुके हैं। आइए जानते हैं उनके बारे में।

Image

वर्धमान जैन ने तिरुपति मंदिर में किया 206 करोड़ रुपये सोना किया दान (तस्वीर-X)

Tirumala Tirupati Temple Donation : चेन्नई के प्रसिद्ध कारोबारी और समाजसेवी वर्धमान जैन इन दिनों देशभर में चर्चा का विषय बने हुए हैं। उन्होंने आंध्र प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध तिरुमाला स्थित भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में 121 किलो सोने के आभूषण दान किए हैं। इन बेशकीमती आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत करीब 206 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मंदिर के इतिहास में किसी भी व्यक्तिगत दानदाता की ओर से दिया गया यह अब तक का सबसे बड़ा और भव्य दान माना जा रहा है। गुरुवार 26 नवंबर 2026 को तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को यह विशेष भेंट सौंपी गई। इस ऐतिहासिक और पावन अवसर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी विशेष रूप से मौजूद रहे। वर्धमान जैन के इस महादान के पीछे भगवान वेंकटेश्वर के प्रति उनकी गहरी आस्था और अटूट भक्ति छिपी है। बताया जा रहा है कि यह दान उनकी एक पुरानी मन्नत के पूरा होने और अपने व्यावसायिक जीवन में मिली अपार सफलता के प्रति ईश्वर का आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से किया गया है।

सोने के इस भव्य दान में क्या-क्या शामिल है?

वर्धमान जैन द्वारा मंदिर को भेंट किए गए इस खजाने में कुल 46 प्रकार के पारंपरिक आभूषण शामिल हैं, जिन्हें 9 अलग-अलग सेटों में तैयार किया गया है। इन सभी आभूषणों को मंदिर की धार्मिक परंपराओं, दैनिक पूजा-अर्चना और विशेष उत्सवों के दौरान भगवान के श्रृंगार की जरुरतों को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। इस संग्रह में पारंपरिक मुकुट, कमरबंद, कंधे के आभूषण, विभिन्न प्रकार के हार, पायल और भगवान के चरणों के लिए पवित्र आभूषण जिन्हें 'पद्म पादालु' कहा जाता है, शामिल हैं।

इस भेंट की एक और बड़ी खासियत इसमें जड़े गए बेशकीमती हीरे हैं। आभूषणों में करीब 238.2 कैरेट वजन के हीरे जड़े हुए हैं, जो इनकी सुंदरता और भव्यता में चार चांद लगाते हैं। कुल 121 किलो सोने में से 106 किलो सोने के आभूषण भगवान वेंकटेश्वर के लिए समर्पित किए गए हैं, जबकि 15 किलो सोने से बना एक विशेष स्वर्ण वस्त्र माता पद्मावती के लिए भेंट किया गया है। इन सभी आभूषणों को मंदिर प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार चेन्नई के कुशल कारीगरों द्वारा तैयार कराया गया है।

कौन हैं वर्धमान जैन?

वर्धमान जैन एक सफल उद्यमी और कॉर्पोरेट जगत की जानी-मानी हस्ती हैं। उन्हें मुख्य रूप से 'एक्सेस हेल्थकेयर' (Access Healthcare) के संस्थापक और वाइस-चेयरमैन के रूप में जाना जाता है। यह कंपनी हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी और रेवेन्यू साइकिल मैनेजमेंट सेवाओं के क्षेत्र में काम करती है। इसके अलावा, वे एशिया इंजीनियरिंग के डायरेक्टर भी रह चुके हैं और उन्होंने टेक्नोलॉजी तथा बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (BPO) के क्षेत्र में कई बड़े नेतृत्व पदों पर कार्य किया है।

अपने करियर के शुरुआती दौर में वर्धमान जैन ने 'विजन हेल्थसोर्स' (Vision HealthSource) नामक एक हेल्थकेयर सर्विस कंपनी की सह-स्थापना की थी। इस कंपनी की सफलता को देखते हुए बाद में 'पेरोट सिस्टम्स' ने इसका अधिग्रहण कर लिया, जो आगे चलकर दिग्गज टेक कंपनी 'डेल' (Dell) का हिस्सा बनी। इसके पश्चात जैन ने डेल सर्विसेज के बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग डिवीजन के प्रबंध निदेशक (MD) के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं।

वर्धमान जैन की शिक्षा की बात करें तो उन्होंने चेन्नई के प्रतिष्ठित लोयोला कॉलेज से सांख्यिकी (Statistics) में स्नातक की पढ़ाई की है। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए वे अमेरिका गए और ऑस्टिन स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई पूरी की। उनकी इस मजबूत शैक्षणिक पृष्ठभूमि ने उन्हें टेक्नोलॉजी आधारित व्यवसायों में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने में बड़ी मदद की।

पहले भी कर चुके हैं कई बड़े दान और समाजसेवा

तिरुमाला मंदिर और समाज के प्रति वर्धमान जैन का यह समर्पण कोई नया नहीं है। वे इससे पहले भी मंदिर से जुड़ी धार्मिक और सामाजिक पहलों में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने पूर्व में श्री वेंकटेश्वर भक्ति चैनल (SVBC) के विकास के लिए 7 करोड़ रुपये का दान दिया था। इसके अलावा, उन्होंने तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम की गौशाला में गायों के चारे की बेहतर व्यवस्था के लिए करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक कैटल-फीड मिक्सिंग प्लांट स्थापित करने में भी सहयोग दिया है।

धार्मिक कार्यों के साथ-साथ वर्धमान जैन सामाजिक सरोकारों में भी काफी सक्रिय रहते हैं। वे 'श्री सरिता जैन फाउंडेशन ट्रस्ट' के जरिये समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए काम कर रहे हैं। इस ट्रस्ट के जरिए वे शिक्षा के प्रसार, भूख से लड़ने के लिए भोजन वितरण और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में लगातार मदद पहुंचाते हैं। इसके अतिरिक्त, वे गरीब और वंचित युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) के अवसर प्रदान करने की दिशा में भी सराहनीय कार्य कर रहे हैं।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article