शहर

इस दिवाली ट्रेन से घर जा रहे हैं तो अपने बैग में न ले जाएं ये 6 चीजें, वरना हो सकती है समस्या

दिवाली के अवसर पर आप भी अपने घर जाने की तैयारी में होंगे। अगर ट्रेन से सफर कर रहे हैं तो इन 6 चीजों को कतई अपने साथ लेकर न जाएं। रेलवे ने भी इसके लिए यात्रियों को चेतावनी दी है। क्योंकि एक छोटी सी गलती से सैकड़ों लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।

Image

दिवाली पर ट्रेन में ये चीजें ले जाने पर प्रतिबंध

कल यानी शुक्रवार शाम से ही वीकेंड शुरू हो जाएगा और सोमवार को देशभर में बड़े ही धूम-धड़ाके के साथ दीपावली का पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान आप भी अपने घर अपनों के बीच जाने की तैयारी कर रहे होंगे। अब तक तो आपने बैग भी पैक कर लिया होगा। अगर बैग पैक नहीं किया है तो कोई बात नहीं, अगर कर लिया है तो एक बार चैक कर लें कि कहीं आपके भी बैग में वो 6 चीजें तो नहीं हैं, जो रेलवे ने बैन कर रखी हैं। अगर ऐसा है तो उन्हें तुरंत अपने बैग से हटा लें और त्योहार पर अपनी सुखद यात्रा का लुत्फ लेते हुए अपनों के बीच पहुंचें।

भारतीय रेलवे ने त्योहार पर यात्रियों के लिए एक नई सलाह जारी की है, जिसमें सभी को याद दिलाया गया है कि कुछ सामान ट्रेन में ले जाना सख्त मना है। त्योहारों के इस मौसम में ट्रेनें अपनी पूरी क्षमता से चल रही हैं। स्टेशनों पर भी भारी भीड़ है। रेलवे इस त्योहार के मौसम में सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी उपाय कर रहा है। नई दिल्ली, बांद्रा टर्मिनस, उधना और सूरत जैसे कुछ प्रमुख स्टेशनों पर नए होल्डिंग एरिया से लेकर कड़ी सुरक्षा जांच तक, दुर्घटनाओं को रोकने और यह सुनिश्चित करने पर ध्यान है कि सभी सुरक्षित घर पहुंचें।

इस दिवाली ट्रेन में क्या चीजें नहीं लेकर जा सकते

दिवाली रोशनी का त्योहार है और इस अवसर पर आतिशबाजी का शौक भी काफी लोग रखते हैं, लेकिन रेलवे का कहना है कि आपका सामान किसी छोटी सी चिंगारी से आग पकड़कर अन्य यात्रियों की जान पर जोखिम न बने, इसके लिए कुछ सामान लेकर ट्रेन में न जाएं। यहां हम उन 6 चीजों की लिस्ट दे रहे हैं, जिन्हें लेकर ट्रेन में यात्रा करने की मनाही है।

  1. पटाखे - छोटे स्पार्कलर भी भीड़भाड़ वाले ट्रेन कोच में बड़ी परेशानी का कारण बन सकते हैं।
  2. केरोसिन ऑयल - मिट्टी का तेल बहुत ही ज्वलनशील होता है और ट्रेन के कोच जैसी बंद जगहों पर इससे जोखिम बढ़ जाता है।
  3. गैस सिलेंडर - पोर्टेबल हो या बड़ा सिलेंडर, यह बड़ी आग का बड़ा खतरा बन सकता है।
  4. चूल्हा
  5. माचिस की डिब्बी
  6. सिगरेट
इन 6 चीजों को ट्रेन में ले जाने पर प्रतिबंध है और इसका कारण भी साफ है, क्योंकि ये सभी ज्वलनशील सामान हैं। त्योहारों के सीजन में जब ट्रेन के कोच में पैर रखने की भी जगह नहीं है, तब एक छोटी सी चिंगारी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए, यदि आप अपने परिवार को दिवाली की आतिशबाजी से आश्चर्यचकित करने की योजना बना रहे हैं, तो घर पहुंचने तक इंतजार करें और वहां पहुंचकर ही आतिशबाजी खरीदें।

दिवाली यात्रियों के लिए अन्य सुरक्षा अनुस्मारक

प्रतिबंध के साथ, भारतीय रेलवे ने यात्रियों से सतर्क रहने और जिम्मेदारी से यात्रा करने की भी अपील की है। यहां कुछ त्वरित सुझाव दिए गए हैं, ताकि त्योहारों के मौके पर आपकी यात्रा तनावमुक्त रहे -

  • कुछ भी संदिग्ध दिखे तो रिपोर्ट करें : यदि आप ज्वलनशील सामग्री या असुरक्षित सामान देखते हैं, तो तुरंत RPF, GRP या स्टेशन स्टाफ को सूचित करें।
  • यात्रा में सामान हल्का रखें : अधिक भरे बैग न सिर्फ सफर को मुश्किल बनाते हैं, बल्कि आपात स्थितियों में ट्रेन के कोच में रास्ते को भी ब्लॉक कर सकते हैं।
  • कीमती सामान अपने पास रखें : वॉलेट और गैजेट्स को निचले बर्थ या सीटों के नीचे असुरक्षित न छोड़ें।
  • डिजिटल भुगतान का उपयोग करें : चोरी के खतरे को कम करने के लिए नकदी कम ले कर जाएं।
  • दूसरों का ध्यान रखें : भीड़भाड़ वाले स्टेशनों में बच्चों, बुजुर्ग यात्रियों और अपने सहयात्रियों ध्यान रखें।
Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article