शहर

Video: बरेली में तूफान का 'खौफनाक' वीडियो; क्या बोला पीड़ित शख्स; बरेली पुलिस ने बताया वायरल क्लिप का सच!

Bareilly Storm Viral Video:यूपी के बरेली में आए भीषण तूफान के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक व्यक्ति हवा में उड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। इसको लेकर पुलिस ने अहम बात बताई है।

Image

बरेली में तूफान का 'खौफनाक' वीडियो

Bareilly Storm Viral Video: उत्तर प्रदेश के बरेली में आई तेज आंधी ने इलाके में भारी तबाही मचाई। इस दौरान एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जिसमें नन्हे नाम का युवक तेज हवा के झोंके के साथ हवा में उड़ गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक हवा में उड़ता दिखाई दे रहा है। अब इस वायरल वीडियो को लेकर पुलिस ने अहम बात बताई है।

पूरी घटना बरेली के थाना भमोरा बामियाना गांव की है घटना के बारे में नन्हे ने बताया कि वह टीनशेड की रस्सी पकड़े हुए थे। तभी अचानक तेज हवा का एक बड़ा झोंका आया और वह करीब 40 फीट ऊपर हवा में उड़ गए। उनके साथ एक-दो अन्य लोग भी थे, जो पास में ही नीचे गिर पड़े, लेकिन नन्हे काफी दूर जाकर एक मक्का के खेत में गिरे।

बरेली में वायरल वीडियो में हवा में उछलते नजर आए नन्हें मियां ने बताया- 'मैं मजदूरी करता हूं, मैं काम कर रहा था तभी तूफान आ गया। उसी दौरान वह ढांचा हवा में उठने लगा। मेरे साथ चार और लोग थे। मैंने उनसे कहा, तुम लोग इसे अच्छी तरह बांध दो, मैं इसे पकड़कर रखता हूं। हम सभी उस टीन को पकड़कर खड़े थे, तभी मैं भी उसके साथ हवा में उड़ गया। मेरी पकड़ छूट गई और मैं उसे संभाल नहीं पाया। उसके बाद क्या हुआ, मुझे कुछ नहीं पता, सिर्फ अल्लाह ही जानता है।'

'मैं करीब 80 फीट दूर जाकर गिरा और कीचड़ में धंस गया'

नन्हें मियां ने आगे बताया-'मैं करीब 80 फीट दूर जाकर गिरा। वहां मक्के का खेत था और उसमें पानी भरा हुआ था। मैं कीचड़ में धंस गया। पास में एक आदमी यह सब देख रहा था। वह अपने घर से दौड़कर आया। उसने मुझे अपने कंधे पर उठाया, फिर मोटरसाइकिल पर बैठाकर वहां से ले गया।'

'जब मैं हवा में उछल रहा था, तब मैं लगातार अल्लाह को याद कर रहा था...'

मेरा एक्स-रे हुआ और फिर मुझे बरेली ले जाया गया। मेरे शरीर में फ्रैक्चर है और शरीर पर चोटें हैं। जब मैं हवा में उछल रहा था, तब मैं लगातार अल्लाह को याद कर रहा था। मुझे नहीं लगा था कि मैं बच पाऊंगा। मैं चाहता हूं कि मेरी बात विधायक तक पहुंचे। अभी तक कोई भी मुझसे मिलने नहीं आया है। मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं, परिवार में कमाने वाला कोई और नहीं है। मैं बहुत परेशान हूं। चोट ठीक होने के बाद ही दोबारा काम कर पाऊंगा। मैं सरकार से अपील करता हूं कि मेरी मदद की जाए। उस घटना का वीडियो किसी युवक ने बनाया था, मैं नहीं जानता वह कौन था।

'कुछ लोगों ने बाद में वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उसे और नाटकीय रूप दिया'

वहीं बरेली के डीएसपी नितिन कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति हवा में उड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। इस संबंध में स्पष्ट किया जाता है कि यह वीडियो भमोरा थाना क्षेत्र के बबियाना गांव निवासी वहीद हसन के बेटे नन्हें का है। कल आए तेज आंधी-तूफान के दौरान उनके घर पर लगी टीन की चादर उखड़ गई थी। तेज हवा और उसकी स्पीड के कारण टीन पलटकर दूसरी दिशा में चली गई। चूंकि संबंधित व्यक्ति उसी टीन को सहारा देने वाले पोल के पास खड़ा था और उसे पकड़े हुए था, इसलिए उसका शरीर भी उसी दिशा में जाता हुआ दिखाई दिया, जिस दिशा में टीन उड़कर गई। कुछ लोगों ने बाद में वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उसे और नाटकीय रूप देकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस घटना में नन्हें के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जिस पर डॉक्टरों ने प्लास्टर चढ़ा दिया है। इसके अलावा वह पूरी तरह स्वस्थ हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article