Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया में चलती ट्रेन के भीतर सुरक्षा और भरोसे को शर्मसार करने वाली एक घिनौनी वारदात सामने आई है। अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक छात्रा ने ड्यूटी पर तैनात टीटीई (TTE) पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार है। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और उस पर इनाम की भी घोषणा की गई है।
टिकट न होने का फायदा उठाकर वारदात
यह शर्मनाक घटना 15 फरवरी की शाम की है। मऊ की रहने वाली एक छात्रा मऊ रेलवे स्टेशन से अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में सवार होकर गोरखपुर जा रही थी। गलती से छात्रा एसी (AC) कोच में चढ़ गई थी। छात्रा के पास एसी का टिकट नहीं था, जिसका फायदा ड्यूटी पर तैनात टीटीई राहुल कुमार ने उठाया। आरोप है कि राहुल टिकट चेक करने के बहाने छात्रा को एसी फर्स्ट क्लास के एक खाली केबिन में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती का आरोप है कि केबिन में बैठाने के बाद टीटीई ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। पहले सामान्य बातचीत की, लेकिन कुछ ही देर में उसका व्यवहार बदल गया। फिर TTE ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। जब छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने बिना टिकट यात्रा का मामला बनाकर कार्रवाई करने की धमकी दी। पीड़िता ने शोर मचाया और डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद आरोपी टीटीई देवरिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया। पीड़िता के अनुसार, ट्रेन जब गोरखपुर स्टेशन पहुंची तो आरोपी टीटीई ने उसे मुंह खोलने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
देवरिया जीआरपी को ट्रांसफर हुआ मामला
शुरुआती शिकायत गोरखपुर में दर्ज की गई थी, लेकिन घटनास्थल सलेमपुर और देवरिया रेलवे स्टेशन के बीच होने के कारण मामले को देवरिया जीआरपी को स्थानांतरित कर दिया गया। देवरिया जीआरपी के थानाध्यक्ष अभिषेक पांडे ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
आरोपी टीटीई पर 10 हजार का इनाम
आरोपी टीटीई राहुल कुमार मूल रूप से बिहार के पटना का निवासी है और वह रेलवे में डिप्टी सीटीआई (CTI) के पद पर तैनात है। वारदात के बाद से ही वह अपनी ड्यूटी और आवास से फरार है। रेलवे पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्रा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पर 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।
साक्ष्यों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस की कई टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। जांच के दौरान पुलिस आरोपी का ड्यूटी चार्ट, कोच में मौजूद यात्रियों की सूची और रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है। साथ ही छात्रा का मेडिकल परीक्षण और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।
