शहर

'झुग्गी से फ्लैट तक का सफर', 20 लाख लोगों को मिलेगा पक्का घर! पुनर्वास योजना से बदलेगी दिल्ली की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ मकान देने की योजना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन देने का अभियान है। नई पुनर्वास कॉलोनियों में सिर्फ घर ही नहीं, बल्कि स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य सेवाएं, बच्चों के खेलने के मैदान और अन्य जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

Image

डूसिब मीटिंग में सीएम रेखा गुप्ता

दिल्ली के लाखों झुग्गीवासियों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। मुख्यमंत्री Rekha Gupta की अध्यक्षता में हुई डूसिब (DUSIB) की 36वीं बोर्ड बैठक में ऐसा फैसला लिया गया, जिसका इंतजार वर्षों से किया जा रहा था। अब दिल्ली में 1 जनवरी 2025 तक स्थापित सभी पात्र झुग्गी बस्तियों के परिवारों को पुनर्वास योजना का लाभ मिलेगा।

4 से 5 लाख परिवारों को होगा फायदा

सरकार के इस फैसले से करीब 4 से 5 लाख परिवारों, यानी लगभग 20 लाख लोगों के लिए पक्के और सम्मानजनक घर का रास्ता खुल गया है। लंबे समय से पुरानी पात्रता तिथि के कारण हजारों परिवार सरकारी योजनाओं से बाहर रह जाते थे, लेकिन नई कट-ऑफ तिथि तय होने के बाद बड़ी संख्या में झुग्गीवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ मकान देने की योजना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन देने का अभियान है। सरकार का लक्ष्य है कि ‘जहां झुग्गी, वहीं मकान’ के संकल्प को जमीन पर उतारा जाए और पात्र परिवारों को उनकी मौजूदा बस्तियों या आसपास ही आधुनिक सुविधाओं वाले बहुमंजिला फ्लैट उपलब्ध कराए जाएं।

ये सुविधाएं मिलेंगी

नई पुनर्वास कॉलोनियों में सिर्फ घर ही नहीं, बल्कि स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य सेवाएं, बच्चों के खेलने के मैदान और अन्य जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी ताकि लोगों को बेहतर जीवन मिल सके। सरकार पीपीपी मॉडल के जरिए इस परियोजना को मिशन मोड में आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है।

सरकार का दावा है कि यह फैसला प्रधानमंत्री Narendra Modi के “हर गरीब को पक्का घर” के विजन को दिल्ली में नई गति देगा और झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लाखों लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाएगा।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article