Delhi News: दहेज की लालच ने एक बार फिर एक परिवार से उसकी बेटी और एक मासूम बच्चे से उसकी मां छीन ली। दिल्ली पुलिस की महिला कमांडो काजल को उसी के पति ने बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। दोनों ने दो साल पहले लव मैरिज की थी। लेकिन तब काजल ने नहीं सोचा था कि उसके साथ सात जन्मों का वादा करने वाले उसका पति ही उसकी सांसे छीन लेगा। काजल के पति ने जिम में इस्तेमाल होने वाले डंबल से उसके सिर पर वार किया। जिससे काजल की मौत हो गई। उसके परिवार ने आरोप लगाया है कि काजल का पति और उसके ससुराल वाले उसे दहेज के लिए परेशान किया करते थे।
2023 में काजल ने अंकुर से की लव मैरिज
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार काजल की शादी 2023 में हरियाणा के गन्नौर में रहने वाले अंकुर से हुई थी। वह रक्षा मंत्रालय में क्लर्क था। काजल और अंकुर का प्रेम विवाह हुआ था। जिसके बाद वे दिल्ली के मोहन गार्डन में रहते थे। उनका डेढ़ साल का बेटा भी है। काजल के भाई ने बताया कि वारदात के समय वह फोन पर बहन से बात कर रहा था। इसी दौरान अंकुर ने काजल के सिर पर डंबल से कई बार हमला किया। पहले उन्हें कुछ समय नहीं आया, लेकिन कुछ मिनट बाद ही अंकुर ने फोन पर निखिल को बताया कि उसने काजल को मार दिया है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी गई और खुद भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
पति ने ही कराया अस्पताल में भर्ती
काजल को अस्पताल ले जाने वाला भी उसका पति ही था। अंकुर ने अचेत हालत में काजल को मोहन गार्डन के तारक अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। जिसके बाद परिजनों ने उसे 24 जनवरी को नेहरू नगर स्थित यशोदा अस्पताल भर्ती कराया। जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आरोपी को बच्चे पर भी नहीं आया तरस
बताया जा रहा है कि काजल पर हमला करने के दौरान आरोपी पति के हाथ भी नहीं कांपे। जिस महिला के साथ उसने लव मैरिज की, उसकी जिंदगी उसने अपने हाथों से ही बेरहमी से खत्म कर दी। इस हत्या का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि आरोपी ने यह खौफनाक कदम उठाने से पहले अपने डेढ़ साल के मासूम बेटे पर भी तरस नहीं खाया। मां की मौत और पिता के जेल जाने के बाद अब वह बच्चा छोटी सी उम्र में ही अकेला हो गया है, जिससे उसके भविष्य को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
दहेज के लिए परेशान करता था ससुराल
परिजनों के मुताबिक, प्रेम विवाह के बावजूद अंकुर और उसके परिजन काजल को दहेज के लिए परेशान किया करते थे। जिसको लेकर दोनों में विवाद होता था। 22 जनवरी को भी अंकुर और काजल में इसी बात को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद काजल ने निखिल को फोन कर इसकी जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि आरोपी अंकुर ने काजल पर पहले भी हमला किया है। जिसके बाद 22 जनवरी को दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में उसने काजल पर हमला किया। उसके खिलाफ मोहन गार्डन थाने में हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज है। पुलिस ने उसे 22 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला कमांडो काजल के शव का पोस्टमॉर्टम मंगलवार को कराया गया। बुधवार को उसके पैतृक गांव बड़ी में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
