Delhi News: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 10 तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिसका लिंक पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश से जुड़ा पाया गया है। यह गिरोह इन देशों से जुड़े नेटवर्क के जरिए भारत में अवैध हथियारों की सप्लाई करता था। जिसके बाद दिल्ली-एनसीआर से इसका संचालन किया जा रहा था।
दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय था इंटरनेशनल गैंग
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी देश के विभिन्न हिस्सों खासतौर पर दिल्ली-एनसीआर के गैंगस्टर्स को अत्याधुनिक हथियार सप्लाई कर रहे थे। ये लोग लंबे समय से इस काम में एक्टिव थे। पुलिस को जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से 21 विदेशी हथियार बरामद हुए हैं, जिनमें मशीन गन, सब-मशीन गन और कई सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल शामिल हैं। इसके अलावा 200 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं।
हाई-टेक पिस्टल और सब-मशीन गन बरामद
आरोपियों के पास से बरामद हथियारों में PX-5.7 पिस्टल भी शामिल है, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर स्पेशल फोर्सेस द्वारा किया जाता है। इसके अलावा तुर्किये की स्टोएगर, चीन की PX-3, चेक रिपब्लिक की शैडो CZ, इटली की बेरेटा, ब्राजील की टॉरस और जर्मनी की वाल्थर जैसी हाई-एंड पिस्टल भी जब्त की गई हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अत्याधुनिक सब-मशीन गन भी बरामद की है, जिसे चेक रिपब्लिक में बनी बताया जा रहा है।
इंडो-नेपाल बॉर्डर से हो रही थी हथियारों की तस्करी
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह गिरोह पाकिस्तान से हथियार मंगवाता था, जिसकी इंडो-नेपाल बॉर्डर के जरिए भारत में तस्करी की जाती थी। इसके बाद इन हथियारों को दिल्ली और अन्य राज्यों के अपराधियों तक पहुंचाया जाता था। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
