Delhi News: दिल्ली के नजफगढ़ में एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड के जन्मदिन पर उसे आईफोन गिफ्ट करने लिए अपने घर में ही चोरी को अंजाम दिया है। युवक ने अपनी मां के जेवरात चोरी किए और उसे बेचकर पैसे जुटाए। पैसे जुटाने के बाद उसने आईफोन खरीदा। पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने नाबालिग युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से आईफोन व बेचे गए गहने भी बरामद हुए हैं।
घर में चोरी की शिकायत
दिल्ली के द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि नजफगढ़ थाने में तीन अगस्त को एक महिला के घर में चोरी की घटना के संबंध में मामला दर्ज हुआ था। महिला ने शिकायत में कहा था कि दो अगस्त की सुबह आठ बजे से दोपहर के तीन बजे के बीच उसके घर से लाखों रुपये के गहने चोरी हो गए हैं। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस को युवक पर हुआ शक
जांच के क्रम में पुलिस ने जब घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो उसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने घर में पूछताछ की, तो पता चला कि महिला का बेटा गायब है। फिर पुलिस को नाबालिग लड़के पर शक हुआ। पुलिस ने उसके दोस्तों से पता किया तो जानकारी मिली कि नाबालिग ने एक महंगा आईफोन खरीदा है, जिसके बाद पुलिस को यकीन हो गया कि उसने ही अपनी मां के गहने चुराए हैं।
पुलिस के सामने युवक ने स्वीकारी
इसके बाद पुलिस ने दिल्ली के धर्मपुरा, ककरोला, नजफगढ़ समेत कई जगहों पर छापेमारी की और नाबालिग को पकड़ लिया। फिर युवक ने पुलिस को बताया कि उसने ही गहने चुराए हैं। इसके बाद पुलिस ने आभूषण कारोबारी को गिरफ्तार किया, जहां पर नाबालिग ने गहने बेचे थे। साथ ही आईफोन और गहने भी बरामद कर लिए गए।
बता दें कि नाबालिग छात्र नौवीं कक्षा में पढ़ता है और वह आईफोन खरीदना चाह रहा था, जब उसने मां से पैसे मांगे तो मां ने पैसे देने से मना कर दिया, जिसके बाद नाबालिग ने घर में चोरी को अंजाम दिया। उसके पिता का निधन हो चुका है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
