Delhi: दिल्ली के नांगलोई में एक 10 वर्षीय बच्चे ने सुसाइड कर लिया है। जानकारी के अनुसार, जब माता-पिता काम के बाद घर लौटे तो उन्होंने बच्चे को फंदे से लटका हुआ देखा। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। आत्महत्या की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस जानने का प्रयास कर रही है कि बच्चे के माता-पिता ने उसे डांटा तो नहीं था, स्कूल से दबाव आदि के कारण कहीं वह मानसिक तनाव से तो नहीं जूझ रहा था, जिसके कारण उसने इतना खतरनाक कदम उठाया।
10 साल के मासूम ने किया सुसाइड
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह मामला नांगलोई में स्थित अंबिका विहार कॉलोनी का है। बच्चा एमसीडी स्कूल का छात्र था और उसके माता-पिता दोनों ही कामकाजी थे। पुलिस ने बताया कि भारी बारिश के कारण बच्चे ने स्कूल से छुट्टी कर ली थी, लेकिन दोनों माता-पिता अपने काम पर चले गए थे। जब वह घर पहुंचे तो उन्होंने बच्चे को लोहे के पाइप पर दुपट्टे से लटका हुआ पाया। पुलिस ने बच्चे के फोन की जांच की, जिससे उन्हें पता लगा की बच्चा 10 से 11 घंटे फोन में व्यस्त था। सात घंटे करीब उसने गेम खेला था और 4 घंटे वह यूट्यूब देख रहा था। अनुमान है कि उसे मोबाइल पर गेम खेलने की लत थी।
वजह की जांच में जुटी पुलिस
ANI के अनुसार, पुलिस जानने का प्रयास कर रही है कि बच्चे ने इस तरह का कदम क्यों उठाया था। क्या बच्चे के माता-पिता ने उसे डांटा था, स्कूल में वह किसी प्रकार का दबाव झेल रहा था या फिर खेल में असफलता के कारण वह मानसिक तनाव में था। जिस कारण उसने सुसाइड जितना बड़ा कदम उठाया है। फिलहाल बच्चे की मौत पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आगे की जांच के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
