Delhi Bus Stone Pelting: दिल्ली के मदनगीर इलाके में रविवार सुबह देवी बस पर हुए पथराव की घटना ने इलाके में हलचल मचा दी। कुशक नाले से संगम विहार की ओर जा रही देवी सेवा की बस पर कुछ युवकों ने अचानक पत्थर बरसा दिए, जिससे बस के शीशे टूट गए। घटना के समय बस में पांच-छह यात्री मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ। यह वारदात सुबह करीब 7:30 बजे हुई और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
क्या है पूरा मामला?
घटना की शुरुआत तब हुई जब बस चालक आसिफ ने सड़क पर चल रहे एक बाइक सवार को साइड देने के लिए हॉर्न बजाया। उसी समय सड़क पार कर रहे तीन युवक नाराज हो गए और चालक के साथ गाली-गलौज करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर युवकों ने बस पर पथराव कर दिया, जिससे बस चालक और यात्री दहशत में आ गए।
दो फरार आरोपियों की तलाश जारी
सूचना मिलते ही अंबेडकर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मदनगीर निवासी शेखर कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, इस घटना में मयंक और शिवा नाम के दो अन्य युवक भी शामिल थे, जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर छोटी-छोटी बातों पर हिंसा बढ़ने के मामलों को उजागर कर दिया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
