पूर्वी दिल्ली स्थित गाजीपुर सब्जी मंडी के सामने की दोनों सड़कें पिछले डेढ़ सप्ताह से जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रही हैं। एक ओर मंडी के मुख्य गेट तक पानी भर गया है, जिससे व्यापारियों और आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। दूसरी ओर, जलभराव की वजह से इलाके में स्थित सीएनजी पंप को बंद करना पड़ा है। हर साल बारिश में यह स्थिति दोहराई जाती है, जिसकी प्रमुख वजह दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा जल निकासी व्यवस्था की नियमित सफाई न किया जाना बताया जा रहा है।
डीडीए के अनुसार, एनएच-9 के नीचे से गुजर रही अंडरग्राउंड ड्रेनेज पाइपलाइन में रुकावट आने से जलभराव हुआ है। पाइपलाइन की सफाई में चार से पांच दिन का समय लगेगा। साथ ही, मौजूदा ड्रेनेज सिस्टम काफी पुराना हो चुका है और एनएच-9 के निर्माण के बाद उसका स्तर नीचे चला गया है। डीडीए ने इसे देखते हुए नए ड्रेनेज सिस्टम का प्रस्ताव तैयार करने की बात कही है।
लगातार बारिश के चलते इलाके की दोनों सड़कें मानो तालाब में तब्दील हो गई हैं। नालियों का गंदा और बदबूदार पानी सड़कों पर फैल गया है, जिससे राहगीरों और मंडी में आने-जाने वालों को भारी दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने कई बार डीडीए और प्रशासन को शिकायत पत्र सौंपे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। क्षेत्रीय विधायक ओम प्रकाश शर्मा ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
