Satyendar Jain News: जेल में बंद आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन के सिर में चोट लगने की वजह से खून का थक्का जम गया है। हालांकि, उनकी हालत स्थिर है। उनका यहां एक सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि जैन के इलाज के लिए चार सदस्यीय मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। उन्हें बृहस्पतिवार को लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। सूत्रों के मुताबिक, बोर्ड के सदस्यों में एलएनजेपी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, जीबी पंत अस्पताल के न्यूरोलॉजिस्ट और गहन देखभाल में विशेषज्ञता रखने वाले चिकित्सक शामिल हैं। दिन में सूत्रों ने बताया था कि जैन की चिकित्सा स्थिति की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा था कि पूर्व मंत्री की हालत अब स्थिर है। चोट लगने के कारण उनके सिर में खून का थक्का जम गया है और फिलहाल उनका इलाज किया जा रहा है। एमआरआई समेत उनकी कई जांच की गई हैं, जिनकी रिपोर्ट का इंतजार है।
Satyendar Jain News:तिहाड़ जेल में चक्कर खाकर शौचालय में गिर पड़े थे सत्येंद्र जैन
उच्चतम न्यायालय ने धन शोधन के एक मामले में दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को शुक्रवार को चिकित्सा आधार पर छह सप्ताह की अंतरिम जमानत देते हुए कहा कि एक नागरिक को अपने खर्च पर निजी अस्पताल में अपनी पसंद का इलाज कराने का अधिकार है। जैन बृहस्पतिवार को तिहाड़ जेल में चक्कर आने के कारण शौचालय में गिर पड़े थे, जिसके बाद उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनके बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था।
Satyendar Jain News: गंभीर रूप से बीमार दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन
दिल्ली के पूर्व मंत्री को सांस लेने में दिक्कत के कारण पहले दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में उन्हें लोकनायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल ले जाया गया। ‘आप’ सूत्रों ने बताया था कि जैन को एलएनजेपी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है और वह ‘गंभीर रूप से बीमार’ हैं।
Satyendar Jain News: डॉक्टर लगातार स्थिति पर रख रहे हैं नजर
अस्पताल के एक सूत्र ने कहा कि जैन की चिकित्सा स्थिति की जांच की जा रही है। उसने बताया कि डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। पिछले एक सप्ताह में यह दूसरी बार है, जब जैन को अस्पताल ले जाया गया है। आप ने बताया कि जैन बृहस्पतिवार को चक्कर आने से तिहाड़ जेल के शौचालय में गिर पड़े। इससे पहले भी वह जेल के शौचालय में गिर गए थे और उन्हें रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई थी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
