Delhi: दिल्ली वालों के लिए राहत भरी खबर है। आईटीओ की तरफ से आश्रम के तरफ जाने वाले वाहन चालकों को अप्रैल से इस रूट पर ट्रैफिक जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। आईटीओ से आश्रम की तरफ जाने के लिए बन रहे नए फ्लाईओवर पर ट्रैफिक संचालन अप्रैल माह से शुरू कर दिया जाएगा। पीडब्ल्यूडी अफसरों के अनुसार, 600 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य 65 प्रतिशत पूरा हो चुका है, बचा हुआ कार्य भी डेढ़ माह में पूरा कर लिया जाएगा। जिसके बाद आईटीओ से आश्रम या महारानी बाग की तरफ जाने वाले लोग रेड लाइट के जाम में फंसने की जगह इस फ्लाईओवर से निकल सकेंगे।
बता दें कि, सराय काले खां बस अड्डे के पास टी-जंक्शन पर तीन लेन का एक वन-वे फ्लाईओवर पहले से बना हुआ है, लेकिन इसका उपयोग सिर्फ आश्रम से आईटीओ की तरफ जाने वाले वाहन चालक ही कर पाते हैं। आईटीओ से आश्रम की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को अभी इस फ्लाईओवर के नीचे रेड लाइट से होकर जाना पड़ता है। इस टी-जंक्शन से सराय काले खां बस अड्डा, मेट्रो स्टेशन और निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन भी जाया जाता है। जिसकी वजह से यहां पर हमेशा भारी जाम लगा रहता है। इससे राहत देने के लिए इस नए फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है।
9 महीने के रिकॉर्ड टाइम में निर्माण कार्य पूरा
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, करीब 57.7 करोड़ रुपये की लागत से बने रहे इस तीन लेन के नए फ्लाईओवर का निर्माण पहले से बने फ्लाईओवर के समानंतर ही किया जा रहा है। इसके बन जाने के बाद यह छह लेन का हो जाएगा। इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पिछले साल जुलाई में शुरू किया गया था और उस समय इसे पूरा करने की डेडलाइन 12 महीने तय की गई थी। अधिकारियों के अनुसार इस फ्लाईओवर का निर्माण काफी तेजी से किया गया और तय डेडलाइन से तीन माह पहले ही इसे पूरा कर लिया जाएगा। यह नौ महीने के रिकॉर्ड समय में बनकर तैयार हो जाएगा। इस पर अप्रैल माह से ट्रैफिक संचालन शुरू करने की योजना है। इस फ्लाईओवर के नीचे से आईटीओ व आश्रम से आने-जाने के लिए दो यू- टर्न भी बनाए जाएंगे।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
