Red Alert In Delhi: राजधानी दिल्ली इस समय प्रचंड गर्मी की चपेट में है। बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि हीट इंडेक्स यानी महसूस होने वाला तापमान 51.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग (IMD) ने हालात को देखते हुए आज के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार के बाद राहत
IMD के अनुसार, हीट वेव के हालात कल यानी 13 जून तक बने रह सकते हैं। हालांकि, 14 जून से मौसम में थोड़ी राहत मिलने की संभावना जताई गई है। शनिवार से राजधानी में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है। आज आसमान में थोड़े बादल दिखाई देंगे और कहीं-कहीं बेहद हल्की बारिश भी आ सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी, जो शाम के समय बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है।
हीट इंडेक्स क्या होता है?
हीट इंडेक्स तापमान और नमी के आधार पर तय किया जाता है। यह बताता है कि शरीर को गर्मी कितनी तीव्र महसूस हो रही है। नमी ज्यादा होने पर पसीना ठीक से नहीं सूखता, जिससे शरीर का तापमान और बढ़ जाता है।
आने वाले दिनों का तापमान पूर्वानुमान
- 12 जून 43-45°C- कई इलाकों में हीट वेव
- 13 जून 43-45°C- कुछ इलाकों में हीट वेव
- 14 जून 40-42°C- हल्की राहत
- 15-17 जून 37-39°C- हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
IMD की लोगों से अपील
मौसम विभाग ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें, पानी अधिक मात्रा में पिएं, खुले में और धूप में काम करने से परहेज करें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लू और हीट स्ट्रोक से बचने के लिए शरीर को हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी है। सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए है
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
