Delhi News: भारी बारिश और बिजली गिरने के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के हवाई अड्डे पर परिचालन प्रभावित होने के बाद कम से कम एक उड़ान को दिल्ली से जयपुर डायवर्ट किया गया। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार गुवाहाटी से दिल्ली जाने वाली विस्तारा की उड़ान यूके 742 को खराब मौसम के कारण जयपुर की ओर मोड़ दिया गया। जानकारी के अनुसार नौ उड़ानों को जयपुर की तरफ मोड़ा गया है।
खराब मौसम के कारण कई उड़ानों को किया गया डायवर्ट
रिपोर्ट में कहा गया है कि कोलकाता से दिल्ली जाने वाली विस्तारा की एक अन्य उड़ान यूके 778 को भी खराब मौसम के कारण दिन में लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया था। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार दो उड़ानों को लखनऊ की तरफ मोड़ा गया है। जबकि एक उड़ान को अहमदाबाद की तरफ डायवर्ट किया गया है।
वहीं इंडिगो ने भी एक सूचना जारी करते हुए कहा कि भारी बारिश से दिल्ली में उड़ान संचालन प्रभावित हुआ है। इसी तरह का एक पोस्ट स्पाइसजेट ने भी डाला था, जिसमें चेतावनी दी गई थी कि दिल्ली हवाई अड्डे पर सभी आगमन और प्रस्थान प्रभावित हो सकते हैं।
एक्स पर एयरलाइन की पोस्ट में कहा गया कि खराब मौसम के कारण हम दिल्ली में एटीसी (AIR Traffic Control) की भीड़ का सामना कर रहे हैं। सभी प्रस्थान/आगमन और उनकी परिणामी उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति पर नजर रखें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
