Humayun Tomb Collapse: स्वतंत्रता दिवस के दिन 15 अगस्त को दोपहर करीब 3:55 बजे हजरत निजामुद्दीन थाना क्षेत्र से पुलिस को सूचना मिली कि हुमायूं मकबरे के पीछे स्थित फतेह शाह दरगाह की दीवार गिर गई है और कई लोग मलबे में फंसे हुए हैं। भारी बारिश के चलते पट्टे शाह दरगाह परिसर के दो कमरे, उनकी छत और एक साइड की दीवार अचानक ढह गई।
हादसे के समय करीब 10–12 लोग वहां मौजूद थे, जिनमें से अधिकतर दरगाह पर आए बाहरी लोग थे। सूचना मिलते ही SHO/हजरत निजामुद्दीन और उनकी टीम महज पांच मिनट में मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। तुरंत ही DFS, CATS, DDMA, NDRF, MCD, ASI और जिला प्रशासन समेत सभी एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया। दमकल विभाग और एम्बुलेंस की मदद से 12 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया।
घायलों और मृतकों की संख्या
रेस्क्यू के बाद 9 घायलों (3 पुरुष, 5 महिलाएं और 4 वर्षीय बच्चा) को एम्स ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। एक पुरुष को LNJP अस्पताल और एक महिला को RML अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि एक महिला को सुरक्षित निकालकर अस्पताल नहीं भेजा गया। अब तक अस्पतालों से 6 लोगों (3 पुरुष और 3 महिलाएं) की मौत की पुष्टि हो चुकी है। पुलिस ने DVR फुटेज जब्त कर ली है और दरगाह के देखरेख करने वालों से पूछताछ जारी है।
बारिश से हो रहे दर्दनाक हादसे
पिछले एक सप्ताह में दिल्ली में लगातार हो रही बारिश ने कई जानलेवा हादसों को जन्म दिया है। 9 अगस्त को जैतपुर में दीवार गिरने से सात लोगों की मौत हुई, जबकि 10 अगस्त को नरेला में 2.5 वर्षीय बच्चा सीवर में गिरकर जान गंवा बैठा। 14 अगस्त को कालकाजी में एक पेड़ बाइक पर गिरने से एक युवक की मौत हो गई, वहीं उसी दिन वसंत विहार में दीवार गिरने से नौ और दस वर्ष के दो बच्चों की मौत हो गई और आज 15 अगस्त को निजामुद्दीन स्थित पट्टे शाह दरगाह की दीवार ढहने से छह लोगों की जान चली गई।
प्रशासन पर उठ रहे सवाल
दिल्ली में पिछले कुछ महीनों से दीवार गिरने के हादसों में लगातार लोगों की जान जा रही है। यह गंभीर सवाल खड़ा करता है कि भारी बारिश के दौरान जर्जर और कमजोर संरचनाओं की पहचान और मरम्मत के लिए जिम्मेदार एजेंसियां समय रहते कदम क्यों नहीं उठातीं। हालात ऐसे हैं मानो प्रशासन कुम्भकर्ण की नींद सो रहा हो। बारिश का कहर न केवल दीवारों को ढहा रहा है, बल्कि सड़कों को भी बुरी तरह प्रभावित कर रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
