लुटियंस दिल्ली में विकास करते हुए यहां कला, संस्कृति और साहित्य को बढ़ावा देने की एक नई पहल की जा रही है। इस पहल के तहत एनडीएमसी क्षेत्र को एक आर्ट डिस्ट्रिक्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। बता दें कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'विकास भी, विरासत भी' और 'विकसित भारत 2047' के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
परियोजना के तहत 10 मूर्तिकार बनाएं मूर्तियां
बता दें कि इस परियोजना की शुरुआत मंडी हाउस से की जाएगी। इस परियोजना में देश के 10 प्रमुख मूर्तिकारों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें से आठ ने अपनी सहमति दे दी है। ये मूर्तिकार 10 से 15 फीट ऊंची मूर्तियां बनाएंगे, जो लोगों को इस क्षेत्र में आकर्षित करेंगी। बता दें कि इन मूर्तिकारों द्वारा बनाई गई मूर्तियों को मंडी हाउस, इंडिया गेट और अन्य सांस्कृतिक स्थलों पर स्थापित किया जाएगा।
दिल्ली को संस्कृति हब बनाने का प्रयास
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल ने बताया कि कला की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एक सलाहकार समिति का गठन किया जाएगा। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय मूर्तिकला संगोष्ठी और राष्ट्रीय चित्रकला कार्यशाला का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें 20 से अधिक कलाकार भाग लेंगे। सांस्कृतिक कैलेंडर में कार्तिक नृत्य महोत्सव, भक्ति नाद, आर्ट फ्ली मार्केट, और अन्य कार्यक्रम शामिल हैं, जो प्रमुख स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे। खान मार्केट में कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने की सुविधा मिलेगी, और नेहरू पार्क में 'सृजन आर्ट गैलरी' को पुनर्जीवित किया जाएगा। चहल ने कहा कि यह पहल केवल कलाकारों के लिए नहीं, बल्कि आम जनता के लिए भी है, जिसका उद्देश्य दिल्ली को एक सांस्कृतिक हब बनाना है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
