नई दिल्ली के पटेल नगर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक मां ने अपने ही नवजात शिशु का गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गई। बच्चे का शव कूड़े में मिलने पर मामले का खुलासा हुआ और पुलिस को मामले की सूचना दी गई। बच्चे के शव के मिलने की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और महिला की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला 28 जुलाई को सामने आया था, जब कूड़ा बीनने वाले ने एक प्लास्टिक बैग में नवजात का शव देखा। उसने तुरंत मकान मालिक को इसकी सूचना दी और मकान मालिक ने पुलिस को। पुलिस ने नवजात के शव को इमारत की पार्किंग से बरामद किया।
क्यों की महिला ने अपने नवजात बच्चे की हत्या
पुलिसको प्रारंभिक जांच में पता चला कि महिला अक्टूबर 2023 से यहां रहने वाले एक व्यक्ति के घर में काम कर रही थी। उसका वर्ष 2021 में तलाक हो गया था। एक रिश्तेदार की शादी के दौरान अपने पूर्व साथी के साथ उसने शारीरिक संबंध बनाए, जिसके कुछ महीनों बाद उसे गर्भवती होने की जानकारी मिली। महिला ने अपने पूर्व साथी को इसकी जानकारी दी लेकिन उसने इसकी जिम्मेदारी लेने से मना कर दिया।
समाज के डर और कलंक से महिला ने अपने मालिक के परिवार के बाहर जाने के बात बाथरूम में नवजात को जन्म दिया और उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। बच्चे के शव को प्लास्टिक के बैग में भरकर कूड़े में फेंककर महिला फरार हो गई। पुलिस ने बताया कि बच्चे की पोस्टमार्टम की रिपोर्ट 7 अगस्त को आई है, जिसमें सिर पर चोट लगने और गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई है। पटेल नगर पुलिस ने महिला के खिलाफ हत्या और सबूत नष्ट करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
