दिल्ली

व्यापारी से चावल खरीद के नाम पर 6 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी, नाइजीरियाई कंपनियों के खिलाफ FIR की मांग

नाइजीरिया की कंपनियों ने महाराष्ट्र के व्यवसायी से करीब साढ़े 6 करोड़ का चावल खरीदा, लेकिन उसका भुगतान नहीं किया। अब गणेश एग्रो प्रोडक्ट के मालिक ने दिल्ली पुलिस से नाइजीरियाई कंपनियों और उनके भारतीय एजेंटों के खिलाफ FIR करने का अनुरोध किया है। इस संबंध में वह विदेश विभाग से भी संपर्क कर चुके हैं।

Image

महाराष्ट्र के व्यापारी के साथ करोड़ों की धोखाधड़ी

Photo : Twitter

नई दिल्ली : महाराष्ट्र के एक व्यवसायी के साथ चावल निर्यात के मामले में 6.34 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। व्यवसायी ने इस संबंध में दिल्ली पुलिस को चिट्ठी लिखकर उनके साथ 7 लाख, 58 हजार अमेरिकी डॉलर की चावल निर्यात धोखाधड़ी के मामले में FIR दर्ज करने का अनुरोध किया है। इस चिट्ठी में उन्होंने बताया है कि उनके साथ यह धोखाधड़ी नाइजीरिया स्थित एक कंपनी ने की है।

दिल्ली को दी गई यह शिकायत बेनिन स्थित दो कंपनियों एसटीई राइजिंग एसएआरएल और सोसाइटी एग्रीक टेक राइस एसएआरएल के साथ ही चार भारतीय एजेंटों के खिलाफ दर्ज की गई है।

गणेश एग्रो प्रोडक्ट्स के मालिक सर्वेश भुताड़ा ने सुप्रीम कोर्ट के वकील डॉ. एस.सी. मिश्रा के जरिए उक्त कानूनी कार्रवाई की है और संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही शुरू करने के लिए अधिकारियों से अनुरोध किया है। भुताड़ा ने शिकायत में कहा है कि उनके साथ यह धोखाधड़ी भारतीय एजेंटों ने की थी, जिन्होंने बेनिन के कोटोनू के लिए चावल खरीद ऑर्डर की सुविधा प्रदान की थी।

शिकायत के अनुसार, महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में स्थित एक चावल निर्यातक, गणेश एग्रो प्रोडक्ट्स, एक साल से अधिक समय से बेनिन में आयात एजेंटों से भुगतान का इंतजार कर रहा है। शिकायत में यह भी बताया गया कि भुताड़ा ने विदेश मंत्रालय को भी चिट्ठी लिखी थी और संबंधित कंपनियों को कई कानूनी नोटिस भी भेजे थे, लेकिन इसके बावजूद पैसा अभी तक नहीं आया है।

भुताड़ा ने अधिकारियों से सख्त कदम उठाने, आरोपियों को भारत वापस लाने और बकाया राशि को ब्याज सहित भुगतान कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि आरोपी मनी लॉन्ड्रिंग गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं और अन्य भारतीय व्यवसायों को निशाना बनाने वाली इसी तरह की धोखाधड़ी योजनाओं से जुड़े हो सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article