दिल्ली

Delhi Rain: दिल्ली में भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव, गड्ढे में गिरने से ऑटो ड्राइवर की मौत

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jun 30, 2023, 10:06 PM IST

दिल्ली की यातायात पुलिस ने ट्विटर के जरिए लोगों को जलभराव वाले मार्गों के बारे में जानकारी दी और उनसे तदनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने का आग्रह किया।

Image

Rain lashes several parts of Delhi-NCR

Photo : ANI

Delhi Rain: दिल्ली में शुक्रवार को भारी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया और यातायात बाधित हो गया। इसी दौरान एक गड्ढे में गिरने से ऑटो चालक की मौत हो गई। बारिश का पानी दिल्ली सचिवालय परिसर में भी घुस गया। ट्विटर पर एक उपयोगकर्ता द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में कुछ लोगों को हाथों में जूते लेकर दिल्ली सचिवालय में टखने तक पानी से गुजरते हुए देखा गया। दिल्ली की यातायात पुलिस ने ट्विटर के जरिए लोगों को जलभराव वाले मार्गों के बारे में जानकारी दी और उनसे तदनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने का आग्रह किया।

गड्ढे में गिरने से एक ऑटोरिक्शा चालक की मौत

दिल्ली अग्निशमन सेवा विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में सड़क पर पानी से भरे एक गड्ढे में गिरने से एक ऑटोरिक्शा चालक की मौत हो गई। यातायात पुलिस के मुताबिक, नजफगढ़ के फिरनी रोड पर जलभराव और ढांसा स्टैंड के पास एक बस के खराब होने से यातायात प्रभावित हुआ। भारत दर्शन पार्क ट्रैफिक सिग्नल के पास एक बस के खराब होने के कारण राजौरी गार्डन से पंजाबी बाग की ओर जाने वाले मार्ग पर भी यातायात प्रभावित हुआ और यात्रियों को इस मार्ग से बचने की सलाह दी गई। बाद में बस को वहां से हटा दिया गया।

जलभराव से साउथ एक्सटेंशन, सराय काले खां, लाजपत नगर, आईटीओ, हर्ष विहार, मध्य और बाहरी दिल्ली के कुछ हिस्सों, महरौली-बदरपुर रोड के अलावा गीता कॉलोनी और अक्षरधाम मंदिर के बीच यातायात प्रभावित हुआ। वहीं, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में एक ऑटोरिक्शा चालक की शुक्रवार को बारिश के पानी से भरे हुए गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक ऑटोरिक्शा दुर्घटनावश गड्ढे में गिर गया था। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान नंदनगरी निवासी अजीत शर्मा (51) के रूप में हुई है।

ऑटो सहित पानी से भरे गड्ढे में डूबा ड्राइवर

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त जॉय तिर्की ने कहा कि अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे एक पीसीआर कॉल मिली कि वजीराबाद रोड के पास सर्विस रोड के पास एक व्यक्ति गड्ढे में डूब रहा है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास खोदे गए उस गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था। जॉय तिर्की ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि व्यक्ति को गड्ढे की गहराई का एहसास नहीं हुआ और उसने उस पर गाड़ी चलाने की कोशिश की और दुर्घटनावश वह उसमें डूब गया। पुलिस उपायुक्त ने कहा कि ऑटोरिक्शा गड्ढे में फंसा हुआ पाया गया और चालक का शव वाहन के अगले पहिये में फंसा हुआ पाया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article