Delhi Fire News: उत्तर पूर्व दिल्ली के दिलशाद गार्डन इलाके से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक मकान में ई-रिक्शा चार्जिंग केंद्र में अचानक आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर दमकल की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक आग की चपेट में आए दोनों लोगों की मौके पर मौत हो गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शार्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग मकान के भूतल पर लगी, जहां ई-रिक्शा को चार्ज किया जा रहा था। पुलिस की टीम ने शार्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की आशंका जताई है। हालांकि जांच के बाद ही आग की असली वजह के बारे में मालूम होगा। पुलिस और दमकल की टीम आग की वजह जानने के लिए जांच में जुटी हुई है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "घटनास्थल पर दो लोग मृत पाए गए। उनकी पहचान शशि (25) और बल्लू (55) के रूप में हुई है। शशि उसी मकान में रहता था, जबकि बल्लू बेघर था और घटना के दौरान वहां मौजूद था।" पुलिस ने बताया कि शशि उस मकान में अपने माता-पिता और तीन भाइयों के साथ रहता था। इस दौरान पुलिस के स्थानीय बीट कर्मी ने मीरा देवी नामक एक महिला को बचाया।
आग में ई-रिक्शा पूरी तरह जलकर राख
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग की इस घटना में ई-रिक्शा पूरी तरह से जल चुका है। मौत के कारण का पता लगाने के लिए मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गये हैं। अपराध शाखा और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के कर्मियों ने घटनास्थल का दौरा किया और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत नंद नगरी थाने में मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, रात करीब 11 बजकर 32 मिनट पर ताहिरपुर की कोड़ी कॉलोनी से आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल की चार गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
