दिल्ली

जानिए केजरीवाल ने दिल्ली की महिलाओं से क्यों कहा कि पति को खाना न परोसें

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कहना है कि मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना, दुनिया की सबसे बड़ी महिला सशक्तिकरण योजना है। महिला वोटरों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने उनसे कहा कि अगर उनके पति मोदी नाम का जाप करते हैं तो उन्हें भोजन न परोसें।

Image

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

हाल ही में दिल्ली का बजट पेश किया गया, जिसमें वित्त मंत्री आतिशी (Atishi) ने दिल्ली की महिलाओं को 1000 रुपये प्रतिमाह देने की घोषणा की। बाद में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) ने भी मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना (Mukhyamantri Mahila Samman Yojna) का जिक्र अपने भाषणों में किया। 18 वर्ष से ऊपर की हर महिला को 1000 रुपये प्रतिमाह देने का प्रावधान दिल्ली सरकार ने किया है। टैक्स के दायरे में आने वाली महिलाओं और सरकारी नौकरी वाली महिलाओं को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। अब केजरीवाल ने दिल्ली की महिलाओं से ऐसी बात कह दी, जो विवादास्पद तो है ही... और साथ ही संभव है कि ज्यादातर महिलाएं उनकी इस बात पर सहमत भी न हों.

पति को भोजन न परोसें

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को दिल्ली की महिलाओं को संबोधित किया था। उन्होंने दिल्ली की महिलाओं से कहा कि वे आगामी लोकसभा चुनाव में बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के लिए मतदान करें। उन्होंने एक टाउनहॉल इवेंट किया, जिसका नाम ही महिला सम्मान समारोह रखा गया था। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे अपने पति को भोजन न परोसें... लेकिन उन्होंने ऐसा कहा क्यों?

मोदी नाम से समस्या

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगर उनके पति मोदी नाम का जाप करते हैं तो उन्हें भोजन न परोसें। उन्होंने कहा, आपमें से बहुत के पति मोदी नाम का जाप करते रहते हैं, लेकिन आपको उन्हें ठीक करना है। अगर आपके पति मोदी नाम का जाप करते हैं तो उनसे कहें कि आप उन्हें भोजन नहीं परोसेंगी।

महिलाओं का सशक्तिकरण

इस टाउन हॉल का आयोजन उन महिलाओं से सपर्क साधने के लिए किया गया, जिन्हें दिल्ली सरकार की 'मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना' का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस दौरान कहा कि इस योजना से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, इससे महिलाओं का सच्चे अर्थों में सशक्तिकरण होगा।

भाजपा को लिया आड़े हाथ

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने इस दौरान भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, 'भाजपा कहती है कि इस स्कीम के जरिए महिलाओं को 1000 रुपये देने से वह बिगड़ जाएंगी। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि जब आप बहुत से लोगों के बड़े-बड़े लोन माफ कर देते हैं, तब वो नहीं बिगड़ते?'

पति को मनाना आपकी जिम्मेदारी

केजरीवाल ने महिलाओं को आम आदमी पार्टी को वोट करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि अब यह आपकी जिम्मेदारी है कि आप अपने पति, भाई, पिता और आपके आसपास के इलाकों में लोगों प्रेरित करें कि उन्हें वोट करें, जो आपको फायदे के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब आप अन्य महिलाओं से भी कहें कि केजरीवाल भाई उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्हें बताएं कि मैंने उनकी बिजली फ्री की है, उनके बस का टिकट फ्री किया है और अब हर महीने 1000 रुपये देने जा रहा हूं। भाजपा ने उनके लिए क्या किया है? फिर भाजपा को वोट क्यों? इस बार केजरीवाल को वोट दें।

दुनिया का सबसे बड़ा सशक्तिकरण कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने कहा महिलाओं के सशक्तिकरण के नाम पर अब तक उनके साथ सिर्फ फ्रॉड ही हुआ है। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए दुनिया का सबसे बड़ा कार्यक्रम है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article