Dinosaur Park: दिल्ली वालों को जल्द ही डायनासोर देखने का मौका मिलने वाला है। यहां पर डायनासोर का पार्क बन रहा है, जिसे दिसंबर के आखिरी तक पूरा कर लिया जाएगा। यह पार्क स्क्रैप से तैयार किया जा रहा है। जिसका 85 फीसदी काम पूरा हो चुका है। जल्द ही बचा हुआ काम भी पूरा हो जाएगा। जिसके बाद यह पार्क लोगों के लिए खुल जाएगा। इस पार्क की खासियत ये है कि यह पार्क बिल्कुल जंगल जैसा दिखाई देगा। जिसमें 40 डायनासोर भी होंगे।
पार्क बनाने में नहीं हुई पेड़ों की कटाई
दिल्ली का यह डायनासोर पार्क हजरत निजामुद्दीन में बने वेस्ट टु वंडर पार्क की विस्तार योजना के तहत बनाया जा रहा है। इस पार्क को बनाने में पर्यावरण का भी पूरा ख्याल रखा गया है। पार्क के निर्माण के दौरान पेड़ों या झाड़ियों की बिल्कुल भी कटाई नहीं की गई है, बल्कि कई नए पेड़ों को यहां उगाया गया है। यह पार्क स्क्रैप के इस्तेमाल से बनाया जा रहा है। इसके निर्माण में 300 टन मेटल स्क्रैप, हार्टिकल्चर वेस्ट और सीएंडडी वेस्ट का उपयोग होगा। बताया जा रहा है कि यह पार्क देश का पहला डायनासोर पार्क होगा।
पार्क में 16 बड़े और 24 छोटे डायनासोर
इस पार्क के निर्माण में बच्चों को ध्यान में रखकर डायनासोर को बनाया गया है। इस डायनासोर के अंदर बच्चे जा भी सकते हैं और फोटो भी खींच सकते हैं। पार्क में 16 बड़े आकार के और 24 छोटे डायनासोर लगाए जा रहे हैं। इनमें सबसे बड़ा डायनासोर 60 फुट ऊंचा, 71 फुट लंबा और 13 फुट चौड़ा होगा। यहां पर लगे डायनासोर सिर्फ मूर्ति की तरह खड़े नहीं रहेंगे, बल्कि हरकत भी करेंगे। इनमें से कई डायनासोर की गर्दन और पूंछ भी हिलेगी। इसके अलावा सबसे बड़े डायनासोर के अंदर पार्टी भी कर सकते हैं, इस डायनासोर को पार्क की कैंटीन से जोड़ा जा रहा है। इन सभी डायनासोर को जंग से बचाने के लिए इन पर पीयू कोटिंग भी की जा रही है, ताकि ये सालों तक ऐसे ही बने रहें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
