दिल्ली

Delhi: शुरुआती जांच में खुलासा, अफ्रीकी हाथी शंकर के दिल में जम गया था खून का थक्का; हार्ट फेल होने से हुई थी मौत

दिल्ली चिड़ियाघर में अफ्रीकी हाथी शंकर की अचानक हार्ट फेल हो जाने के कारण मृत्यु हो गई। प्रारंभिक जांच में उसके दिल में खून का थक्का पाया गया है, जिसके कारणों की जांच जारी है। शंकर को 1998 में जिम्बाब्वे से लाया गया था, और उसकी साथी की मृत्यु के बाद वह अकेला रह गया था। चिड़ियाघर प्रशासन सुरक्षा उपायों को लेकर सतर्क है और अन्य जानवरों के स्वास्थ्य की निगरानी कर रहा है।

Image

दिल में खून का थक्का जमने से हुई शंकर की मौत (सांकेतिक तस्वीर)

दिल्ली के चिड़ियाघर, नेशनल जूलॉजिकल पार्क में 29 साल के अफ्रीकी हाथी शंकर की मौत ने सबको हैरानी में डाल दिया। शंकर की मौत एक्यूट कार्डियक फेलियर से हुई। प्रारंभिक जांच में उसके दिल में खून का थक्का जमने की पुष्टि हुई है। हालांकि अंतिम कारण की जानकारी भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI) बरेली की विस्तृत रिपोर्ट से ही सामने आएगी।

पोस्टमार्टम और जांच जारी

शंकर का पोस्टमार्टम आईवीआरआई बरेली की टीम, स्वास्थ्य परामर्श समिति और पर्यावरण मंत्रालय के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया गया। वन्यजीव विभाग के नोडल इंचार्ज अभिजीत पावड़े ने बताया कि शुरुआती जांच में हाथी के दिल में थक्का मिला है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि यह थक्का बैक्टीरियल संक्रमण के कारण बना या किसी शॉक की वजह से।

मौत से पहले दिखे थे लक्षण

चिड़ियाघर कर्मचारियों के अनुसार, शंकर ने अपनी मौत से दो दिन पहले खाना लगभग छोड़ दिया था। 17 सितंबर की दोपहर उसने सामान्य से कम घास-पत्ते खाए, हालांकि फल और सब्जियां उसने ली थीं। हल्के दस्त की शिकायत भी देखी गई थी। उसी दिन शाम को वह अचानक शेड में गिर पड़ा और आपात उपचार के बावजूद रात आठ बजे उसकी मौत हो गई।

1998 में जिम्बाब्वे से आया था शंकर

शंकर को नवंबर 1998 में जिम्बाब्वे से दिल्ली लाया गया था। वह लंबे समय से चिड़ियाघर का आकर्षण केंद्र था। 2001 में उसकी साथी मादा हाथी ‘बंबई’ की मृत्यु के बाद शंकर अकेला हो गया था। इसी कारण उसका व्यवहार धीरे-धीरे आक्रामक होता गया।

हाईकोर्ट का आदेश और अधूरी योजना

जुलाई 2022 में दिल्ली हाईकोर्ट ने शंकर के लिए एक मादा साथी लाने का आदेश दिया था लेकिन यह योजना अब तक अमल में नहीं लाई जा सकी। उसकी असामयिक मौत ने इस योजना को अधूरा छोड़ दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article