दिल्ली में एक महिला यात्री ने उबर कैब ड्राइवर पर बदसलूकी और हाथ मरोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। यह घटना बुधवार को हुई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर सफर के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं। इस घटना ने राजधानी में कैब सेवाओं की सुरक्षा को लेकर व्यापक चिंता पैदा कर दी है। महिला ने अपने ऊबर ड्राइवर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, साथ ही दिल्ली पुलिस से भी तीखे सवाल पूछे हैं।
महिला ने X पर शेयर की आपबीती
शिकायतकर्ता भारती चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने पूरे अनुभव को विस्तार से शेयर किया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने वसंत विहार से सर्वोदय एन्क्लेव तक डॉक्टर के अपॉइंटमेंट के लिए उबर बुक की थी। GPS एसेक्स फार्म्स के पास ओवर हो गया, जिसके बाद ड्राइवर मुझे गंतव्य तक बिना ड्रॉप लोकेशन के भी पहुंचाने को राजी हो गया। लेकिन वह चिढ़ने लगा और चिल्लाने लगा और जब मैंने उसे सीधे चलकर यू टर्न लेने को कहा तो वह अचानक मुड़ गया। मैंने उसे रुकने को कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। मैंने उसे रोकने के लिए टैक्सी का दरवाजा खोला। वह पलटा, मेरा हाथ पकड़ा और मरोड़ दिया।"
100 नंबर पर नहीं मिला जवाब- महिला
चतुर्वेदी ने दावा किया कि इस दौरान उन्होंने 100 नंबर पर कॉल किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब उन्होंने उबर की इन-ऐप सुरक्षा हेल्पलाइन पर संपर्क किया, तो उन्हें फिर से 100 नंबर डायल करने की सलाह दी गई। उबर की ओर से संजना ने उन्हें बताया कि कंपनी की टीम “कार्रवाई का आकलन करेगी।” चतुर्वेदी ने इस प्रतिक्रिया को “अविश्वसनीय और बेहद निराशाजनक” बताया।
उबर की प्रतिक्रिया
उबर इंडिया सपोर्ट ने X पर उनकी पोस्ट पर जवाब देते हुए घटना को “बहुत चिंताजनक” बताया और उनसे डायरेक्ट मैसेज के माध्यम से ट्रिप विवरण मांगा। उबर ने लिखा- "यह बेहद चिंताजनक है। इस तरह का व्यवहार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और आपकी सुरक्षा हमेशा हमारी प्राथमिकता रहेगी। कृपया अपनी यात्रा की तारीख, समय और अपने Uber खाते से जुड़ी पंजीकृत संपर्क जानकारी सीधे संदेश के जरिए साझा करें। हमारी सुरक्षा टीम जल्द ही आपसे संपर्क करेगी।
अपने एक अन्य बयान में उबर कहा कि 'ड्राइवर का यह आचरण उसकी कम्यूनिटी गाइडलाइन का स्पष्ट रूप से उल्लंघन है। इस घटना के बाद उबर एप तक ड्राइवर की पहुंच पर रोक लगा दी गई है। हम उबेर सेवा लेने वाले उपभोक्ताओं को याद दिलाना चाहेंगे कि एप में मौजूद सेफ्टी लाइन दूर-दराज इलाके में यात्रा करते समय मदद के लिए है। सुरक्षा से जुड़ी हुई ऐसी कोई भी बात जिसे तत्काल देखे जाने की जरूरत है, इसके लिए हम चाहेंगे कि ग्राहक एप में मौजूद SOS बटन का इस्तेमाल करें। यह बटन सीधे उन्हें कानूनी एजेंसी के अधिकारियों के साथ जोड़ेगा।'
पीड़िता ने क्या कहा?
उबर के इस जवाब पर पीड़िता चतुर्वेदी ने तर्क दिया कि वे पहले ही सुरक्षा टीम से बातचीत के दौरान सभी विवरण साझा कर चुकी हैं। उन्होंने लिखा, "मैंने आपकी सुरक्षा टीम को फ़ोन किया। उनके पास मेरी जानकारी है। संजना एक मीटिंग की योजना बना रही हैं, विचार-विमर्श कर रही हैं, यह तय कर रही हैं कि यह काफ़ी बुरा है या नहीं। उन्होंने मुझे आश्वस्त किया है कि उबर मेरी सुरक्षा का ध्यान रखता है। कृपया आंतरिक रूप से समन्वय करें या मुझे बताएँ कि क्या आप चाहते हैं कि मैं आपको अपनी जानकारी फिर से भेजूं।"
यात्री सुरक्षा पर फिर उठा सवाल
यह घटना उन कई मामलों में एक और उदाहरण है जहां कैब सेवाओं से जुड़े सुरक्षा तंत्र पर सवाल खड़े हुए हैं। शिकायत के अनुसार, न सिर्फ ड्राइवर का व्यवहार खतरनाक था, बल्कि आपातकालीन सहायता तंत्र भी प्रभावी साबित नहीं हुआ।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
