पुणे

पुणे मेट्रो फेज-2 के विस्तार को मिली मंजूरी, 9,858 करोड़ की लागत से मिलेगी ट्रांसपोर्ट नेटवर्क को नई उड़ान

केंद्र सरकार ने पुणे मेट्रो विस्तार के चरण-2 को 9,858 करोड़ रुपये की लागत के साथ मंजूरी देकर शहर के परिवहन नेटवर्क को नई दिशा दे दी है। नई स्वीकृत लाइन-4 और 4ए से आईटी हब, व्यावसायिक क्षेत्रों और प्रमुख आवासीय इलाकों के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। यह परियोजना आने वाले वर्षों में पुणे को एक आधुनिक, एकीकृत और टिकाऊ शहरी परिवहन मॉडल के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।

Image

पुणे मेट्रो फेज-2 एक्सटेंशन को मिली मंजूरी (फोटो: पीटीआई)

Photo : PTI

Pune Metro Phase-2: सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को बताया कि केंद्र सरकार ने 9,858 करोड़ रुपये की लागत से पुणे मेट्रो रेल नेटवर्क के विस्तार को हरी झंडी दे दी है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में पुणे मेट्रो परियोजना के चरण-2 (फेज-2) को स्वीकृति मिली। इस चरण के तहत लाइन-4 (खराड़ी–हडपसर–स्वारगेट–खड़कवासला) और लाइन-4ए (नल स्टॉप–वारजे–माणिक बाग) के निर्माण को मंजूरी प्रदान की गई है।

अश्विनी वैष्णव ने बताया कि लाइन 2ए (वनाज–चांदनी चौक) और लाइन 2बी (रामवाड़ी–वाघोली/विट्ठलवाड़ी) की मंजूरी के बाद अब चरण-2 (फेज-2) के तहत स्वीकृत यह दूसरी प्रमुख मेट्रो परियोजना है। सरकार का कहना है कि इस नई स्वीकृति के साथ पुणे मेट्रो नेटवर्क 100 किलोमीटर से अधिक विस्तार पा लेगा, जो एक आधुनिक, समेकित और टिकाऊ शहरी परिवहन प्रणाली की दिशा में अहम प्रगति है। कुल 31.636 किलोमीटर लंबी इस लाइन 4 और 4ए में 28 ऊंचे (एलिवेटेड) स्टेशन होंगे, जो पूर्व, दक्षिण और पश्चिम पुणे के आईटी पार्कों, व्यावसायिक क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों और आवासीय इलाकों को एक-दूसरे से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

गृह मंत्री अमित शाह ने दी बधाई

गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर के लिखा कि, हमारे पुणे के सभी बहनों और भाइयों को बधाई, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में पुणे के मेट्रो रेल प्रोजेक्ट की फेज-2 को मंजूरी मिल गई है। लगभग ₹9,857.85 करोड़ की इस योजना से शहर का विकास बेहद गति से होगा और अमृत काल में लोगों की आकांक्षाओं के अनुसार विश्व स्तर सुविधाओं के साथ पुणे एक आधुनिक शहर बनेगा।

पांच साल पूरी होगी परियोजना

यह परियोजना पांच साल की अवधि में पूरी की जाएगी और इसकी अनुमानित लागत 9,857.85 करोड़ रुपये तय की गई है। इसके लिए धनराशि का प्रबंध केंद्र सरकार, महाराष्ट्र सरकार और अंतरराष्ट्रीय द्विपक्षीय तथा बहुपक्षीय वित्तीय संस्थानों के साझा सहयोग से किया जाएगा। सरकार द्वारा जारी बयान के मुताबिक, ये नई लाइनें पुणे की समग्र गतिशीलता योजना (सीएमपी) का अहम हिस्सा हैं और इनका संयोजन खराड़ी बाईपास, नाल स्टॉप (लाइन 2) तथा स्वारगेट (लाइन 1) जैसे मौजूदा और स्वीकृत मार्गों से सुचारु रूप से किया जाएगा।

इंटरचेंज सुविधा भी होगी उपलब्ध

हडपसर रेलवे स्टेशन पर यह परियोजना एक इंटरचेंज सुविधा भी उपलब्ध कराएगी और लोनी कालभोर व सासवड रोड की ओर प्रस्तावित भविष्य की मेट्रो लाइनों से जुड़कर मेट्रो, रेलवे और बस सेवाओं के बीच सहज मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी। इस परियोजना को महाराष्ट्र मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (महा-मेट्रो) द्वारा कार्यान्वित किया जाएगा, जो सभी सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और सिस्टम से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभालेगा। वहीं, स्थलाकृतिक सर्वेक्षण और विस्तृत डिज़ाइन तैयार करने जैसी निर्माण-पूर्व प्रक्रियाएं पहले से चल रही हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article