Delhi Weather Forecast Today 26 November 2022: राजधानी दिल्ली का तापमान लगातार नीचे जा रहा है। पहाड़ों से चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण सुबह और शाम अब लोगों को ठिठुरन का अहसास होने लगा है। राजधानी में शुक्रवार को सीजन का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया। यहां पर न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 2 साल में नवंबर का यह सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन में दिल्ली का पारा और नीचे जाने की उम्मीद है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 7 डिग्री के आसपास बना रहेगा।
बता दें कि हाल ही में पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है। जिसके बाद से उत्तर-पश्चिमी और बर्फीले पहाड़ों से आ रही तेज हवाओं ने राजधानी दिल्ली की रातों को ठंडा बना दिया है। हालांकि दिल्ली की दोपहर सुबह-शाम के उलट अभी भी गर्म रहती हैं। मौसम विभाग के अनुसार पिछले साल नवंबर माह में दिल्ली में सबसे कम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, वर्ष 2020 के नवंबर माह में सबसे न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस तक गया था।
आगे ऐसे रहेगा दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज, 26 नवंबर को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में तापमान में और कमी दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तराखंड सहित तमाम पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हो सकती है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना है। अगर ऐसा होता है तो तापमान में तेजी से गिरावट होगी। पिछले दिनों पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में पहले से ही देखने को मिल रहा है। वहीं दिल्ली की हवा भी आने वाले दिनों में और ज्यादा खराब होने के आसार हैं। आज भी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में AQI 300 के आंकड़े को पार कर गया। दिल्ली के साथ गाजियाबाद और नोएडा में भी ठंड का असर दिख रहा है। आज गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया। गाजियाबाद के कई हिस्सों में सुबह के वक्त कोहरा छाया रहा।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
