दिल्ली

बारिश के बाद दिल्ली-NCR की वायु गुणवत्ता में सुधार, आज भी बारिश के आसार; जानें कितना पहुंचा AQI

Delhi AQI: दिल्ली में शनिवार शाम हल्की बारिश होने से यहां के वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है। इससे, पिछले कुछ दिनों से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में छाए घने कोहरे से भी कुछ राहत मिली। दिल्ली और उसके पड़ोसी शहरों जैसे गाजियाबाद और नोएडा में शनिवार शाम को बारिश हुई। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार को हल्की बारिश के साथ आसमान में बादल छाए रह सकते हैं-

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Delhi AQI: दिल्ली और उसके पड़ोसी शहरों में शनिवार शाम हल्की बारिश हुई, जिससे रविवार सुबह वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ और यह 'खराब' श्रेणी में पहुंच गई। इससे, पिछले कुछ दिनों से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में छाए घने कोहरे से भी कुछ राहत मिली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शनिवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत से तीन डिग्री कम है।

घने कोहरे के कारण कम से कम 45 ट्रेनें देरी से चलीं

शनिवार को कोहरे की घनी चादर के कारण कम से कम 45 ट्रेनें देरी से चलीं। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर सहित उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है, जहां तापमान हिमांक बिंदु से नीचे चला गया है। दिल्ली और उसके पड़ोसी शहरों जैसे गाजियाबाद और नोएडा में शनिवार शाम को बारिश हुई। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार को हल्की बारिश के साथ आसमान में बादल छाए रह सकते हैं।

दिल्ली का AQI रविवार सुबह सुधरकर 'खराब' श्रेणी में पहुंचा

शनिवार को दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिसके कारण 45 ट्रेनें देरी से चलीं, हालांकि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर उड़ानों का संचालन लगभग सामान्य रहा। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक, जो पिछले कुछ दिनों से 'गंभीर' से 'बहुत खराब' की श्रेणी में था, रविवार सुबह सुधरकर 'खराब' श्रेणी में आ गया।

एक्यूआई का स्तर

केंद्र के समीर ऐप के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5 बजे दिल्ली का समग्र एक्यूआई 285 था। 0 से 50 के बीच का एक्यूआई "अच्छा", 51-100 "संतोषजनक", 101-200 "मध्यम", 201-300 "खराब", 301-400 "बहुत खराब" और 401-500 "गंभीर" माना जाता है। हिमाचल प्रदेश में भी शीतलहर का प्रकोप जारी है, स्थानीय मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को निचले मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश और शिमला और मनाली सहित मध्यम और उच्च पहाड़ियों के अलग-अलग इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।

वर्तमान में ग्रैप I, II और III प्रभावी हैं

मौसम विभाग ने कहा कि 14 जनवरी, 2025 की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है और गुरुवार और शुक्रवार को मध्यम और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया है। राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण-रोधी उपायों की बात करें तो वर्तमान में ग्रैप I, II और III प्रभावी हैं।

सीएक्यूएम ने सुप्रीम कोर्ट के पहले के आदेश के अनुपालन में गुरुवार को ग्रैप के चरण III के तहत कार्रवाई शुरू की। केंद्र के वायु गुणवत्ता पैनल ने कहा, "दिल्ली का एक्यूआई जो 8 जनवरी, 2025 को 297 दर्ज किया गया था, उसमें तेजी से वृद्धि हुई और 9 जनवरी को शाम 4 बजे शांत हवाओं और धुंध की स्थिति के कारण 357 दर्ज किया गया।"

इनपुट -आईएएनएस

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article