Delhi News: दिल्ली पुलिस की रेलवे यूनिट ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों में सक्रिय एक अंतरराज्यीय बैग चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से यात्रियों के 16 चोरी हुए बैग, दो मोबाइल फोन और 47 हजार नकद बरामद किए हैं। गिरोह के सदस्य बिहार से दिल्ली आकर वारदातों को अंजाम देते थे और फिर वापस लौट जाते थे।
एसी कोच में निशाना बनाते थे यात्रियों के बैग
पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रेन के एसी डिब्बों में यात्रियों के गहरी नींद में होने का फायदा उठाकर बैग चोरी करते थे। इनकी रणनीति बेहद सोच-समझकर बनाई जाती थी और सिर्फ काले और नीले रंग के बैग चुराए जाते थे ताकि सीसीटीवी कैमरों से बचा जा सके।
गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमित कुमार, करन कुमार, गौरव और पुनित महतो के रूप में हुई है। सभी बिहार के बेगूसराय और वैशाली जिलों के निवासी हैं। वारदात के बाद आरोपी चोरी का माल लेकर रेलवे स्टेशन के पीछे वाले गेट से निकलकर पास के होटल में पहुंचते थे और वहां खुद को कपड़ा कारोबारी बताकर बैग इकट्ठा करते थे।
हाल ही में चुराए गए थे पांच बैग
3 जुलाई को माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस के A-1 कोच से पांच बैग चोरी होने की रिपोर्ट नई दिल्ली रेलवे स्टेशन थाने में दर्ज कराई गई थी। मामला सामने आने के बाद थाना प्रभारी विश्वनाथ पासवान के नेतृत्व में टीम ने CCTV फुटेज की मदद से आरोपितों की पहचान की और पहाड़गंज के होटल क्रिस्टल में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने बाद में आनंद विहार रेलवे स्टेशन से चौथे आरोपी पुनित महतो को भी गिरफ्तार कर लिया। पुनित के पास से चार और बैग बरामद किए गए हैं। उस पर बिहार, राजस्थान और दिल्ली सहित कई राज्यों में चोरी के केस दर्ज हैं।
100 से अधिक वारदातों को दिया अंजाम
पुलिस जांच में पता चला है कि यह गिरोह अब तक 100 से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है। आरोपी गौरव वर्ष 2019 के एक मामले में भगोड़ा घोषित था, जबकि अमित और करन पर एक-एक और पुनित पर पांच से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपियों की पूछताछ से पता चला कि वे चोरी किए गए बैग में से कीमती सामान अलग निकाल लेते थे और फिर खाली बैग को स्टेशन पर ही छोड़ देते थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
