Delhi News: दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर अपराध और अपराधियों पर कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने गैंगवार से जुड़े एक हत्या मामले में वांछित बदमाश टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के दो शार्पशूटरों को रोहिणी क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि इस कार्रवाई के साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा की टीम रोहिणी सेक्टर-28 में विशेष अभियान चला रही थी, तभी संदिग्धों ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई और दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।
19 मार्च को हुई थी वारदात
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान दोनों संदिग्ध कुणाल और एक नाबालिग के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया। बवाना के हरेवली गांव में 19 मार्च को रवि भारद्वाज नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात में उनके पिता सहित तीन अन्य लोग भी घायल हुए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला प्रतिद्वंद्वी गिरोहों के बीच चल रही रंजिश का परिणाम था। पुलिस ने यह भी बताया कि इससे पहले 26 मार्च को अपराध शाखा ने चैंत्य नाम के एक आरोपी को पकड़ा था, जिस पर सुनील उर्फ टिल्लू गिरोह से जुड़े शार्प शूटरों को सूचना उपलब्ध कराने का आरोप है।
मुख्य शूटर बेगूसराय से गिरफ्तार
हालिया कार्रवाई के बाद इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। पुलिस के अनुसार, कुणाल एक हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ कम से कम सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें अधिकांश मामले रंगदारी से जुड़े बताए जा रहे हैं। वहीं, हत्याकांड के कथित मुख्य शूटर, जो करीब 20 वर्ष का है, को गुरुवार को बिहार के बेगूसराय से दबोचा गया था।
ये चीजें हुईं बरामद
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के नांगल ठाकरान का निवासी आकाश उर्फ बिट्टू उर्फ खुड्डी टिल्लू ताजपुरिया गिरोह का अहम सदस्य माना जाता है। जांच के दौरान तीन अन्य संदिग्धों की भी पहचान हुई है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार करने की संभावना जताई जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में अपराध शाखा की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल, कई जिंदा कारतूस और एक चोरी की स्कूटी भी बरामद की गई।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
