Delhi Traffic Advisory: इस साल मुहर्रम 16-17 जुलाई को मनाया जाएगा। दो दिन के मुहर्रम में दोनों ही दिन ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे। मुहर्रम जुलूस को बिना किसी परेशानी के संपन्न कराने के लिए दिल्ली पुलिस तैयारी में जुटी हुई है। इस बीच यातायात व्यवस्था बाधित न हो इसे ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस द्वारा ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। लोगों को जाम प्रभावित रास्तों से बचने के लिए और पर्याप्त समय लेकर यात्रा करने की सलाह दी गई है। मुहर्रम जुलूस के चलते कई रास्तों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा, ऐसे में ट्रैफिक पुलिस द्वारा डायवर्जन रूट तैयार किए गया है। आइए आपको ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के बारे में बताएं...
इन रास्तों से निकाला जाएगा जुलूस
मुहर्रम के अवसर पर सबसे बड़ा ताजिया जुलूस जामा मस्जिद से शुरू होकर नई दिल्ली, लोदी कॉलोनी स्थित कर्बला पर संपन्न होगा। दूसरा जुलूस मंगलवार (16 जुलाई) रात 9 बजे छत्ता शहजाह, कलां महल से शुरू होकर कमरा बंगश, चितली कबर, चूड़ी वाला, मटिया महल, जामा मस्जिद, चावड़ी बाजार, हौज काजी से होकर गुजरेगा। एक अन्य ताजिया जुलूस रात 9 बजे पुरानी पुलिस चौकी से अशोक बस्ती, कुतुब रोड, खारी बावली, लाल कुआं, हौज काजी, चावड़ी बाजार और जामा मस्जिद से होकर गुजरेगा। इसके अलावा दिल्ली के पूर्वी, उत्तर-पूर्वी, शाहदरा, उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व, दक्षिण और पश्चिम दिल्ली में भी अलग-अलग स्थानों पर ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे।
दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी
• जुलूस के चलते कई रास्तों पर यातायात प्रभावित रहेगा। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी के अनुसार, देश बंधु गुप्ता रोड, अजमेरी गेट से होते हुए आगे जाने वाली सिटी बसें आराम बाग में रुकेंगी और चित्रगुप्त रोड-पहाड़गंज के रास्ते वापसी करेंगी। इसके अलावा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाली बसें भी आराम बाग पर रोकी जाएंगी।
• कनॉट प्लेस और केंद्रीय लकी ओर जाने वाले लोग रानी झांसी रोड, मंदिर मार्ग, पार्क स्ट्रीट का उपयोग करेंगे और उदयन मार्ग तक जाएंगे। य लोग काली बाड़ी मार्ग से लौटे सकेंगे।
• पूर्वी और मध्य जिलों से कनॉट प्लेस और केंद्रीय सचिवालय के लिए बसें सिकंदरा रोड से जाएगी और मंडी हाउस पर समाप्त होंगी। ये बसें भगवान दास रोड-तिलक मार्ग से वापस लौटेंगी।
• तुगलक रोड पर केंद्रीय सचिवालय और कनॉट प्लेस की ओर जाने वाली बसों को पृथ्वीराज रोड, क्यू-प्वाइंट, मान सिंह रोड और मौलाना आजाद रोड पर डायवर्ट किया जाएगा। जनपथ से लौटते हुए यह बसें विज्ञान भवन के सामने समाप्त हो जाएगी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी में बताया कि मथुरा रोड, महरौली-बदरपुर रोड, रोड नंबर 65, जखीरा से किशनगंज और नजफगढ़ रोड, मां आनंदमयी मार्ग, पंखा रोड और अन्य आसपास के क्षेत्रों पर स्थानीय जुलूसों के कारण यातायात प्रभावित रहेगा। इन रास्तों पर यात्रा करने वाले लोगों को घर से पर्याप्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है, ताकि वह अपने गंतव्य पर समय से पहुंच सकें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
