Delhi Police Encounter: दिवाली की रात तैमूर नगर में गोलीबारी की घटना के मामले में वांछित एक व्यक्ति को दक्षिण पूर्व दिल्ली में पुलिस से हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बीते पांच दिन से फरार हथियारों का आपूर्तिकर्ता तेजस उर्फ भरत (28) आस्था कुंज पार्क इलाके में है, जिसके बाद उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।
हेड कांस्टेबल की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी गोली
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “पुलिस टीम ने जब तेजस को रोकने की कोशिश की तो उसने उस पर गोली चला दी। एक हेड कांस्टेबल की बुलेट प्रूफ जैकेट पर गोली लगी।” उन्होंने कहा कि पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो उसके बाएं पैर में लगी। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार करके इलाज के लिए तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
आरोपी पर पहले से 9 मामले दर्ज
पुलिस को घटनास्थल से देसी पिस्तौल, तीन कारतूस और दो खोखे मिले हैं। जांच में पता चला है कि तेजस के खिलाफ हत्या का प्रयास, शस्त्र अधिनियम और आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत नौ मामले दर्ज हैं। पुलिस ने कहा कि तेजस दिवाली की रात तैमूर नगर में हुई गोलीबारी की वारदात में शामिल था और तब से फरार था।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
