Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ने एक ऐसे ठग को राजस्थान से गिरफ्तार किया है जो इंस्टाग्राम पर खुद को 'ऑनलाइन तांत्रिक' बताकर लोगों से पैसे ठगता था। आरोपी राहुल (20) राजस्थान के झुंझुनूं का रहने वाला है, जिसने सोशल मीडिया पर नकली अकाउंट और वेबसाइट बनाकर दर्जनों लोगों को झांसे में लिया।
कैसे करता था ठगी
DCP नई दिल्ली देवेश महाला के मुताबिक आरोपी इंस्टाग्राम पर '@AGHORI_JI_RAJASTHAN' नाम से पेज चलाता था। इस पेज पर वह खुद को तांत्रिक बताता था और दावा करता था कि वह लोगों के जीवन की हर समस्या – जैसे प्रेम विवाह, पारिवारिक कलह, सौतन से छुटकारा, या बुरे साए से मुक्ति – का समाधान कर सकता है। दिल्ली की एक महिला ने जब उससे संपर्क किया तो उसने उसे यह कहकर डरा दिया कि उसके घर में 'भूत-प्रेत' हैं और विशेष पूजा करनी पड़ेगी। आरोपी ने महिला से कुल 1,14,000 रुपये ले लिए और फिर संपर्क तोड़ दिया।
ऐसे पकड़ा गया साइबर ठग
इस मामले की शिकायत मिलने के बाद नई दिल्ली जिले के साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपी की इंस्टाग्राम आईडी, मोबाइल नंबर और बैंक अकाउंट की जानकारी जुटाई गई। जांच में पता चला कि पैसे राहुल और उसके परिवार के खातों में जमा हुए हैं। तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने झुंझुनूं (राजस्थान) में छापा मारकर राहुल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह कई फर्जी अकाउंट और वेबसाइट चलाकर लोगों से ठगी करता था और अपने पेज को बढ़ाने के लिए इंस्टाग्राम पर पेड एड चलाता था।
क्या-क्या मिला आरोपी से
पुलिस ने आरोपी से तीन मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड, तीन डेबिट कार्ड, तीन चेक बुक और ठगी में इस्तेमाल की गई एक फर्जी वेबसाइट बरामद की है। अब पुलिस जांच कर रही है कि आरोपी ने कितने लोगों को ठगा है और क्या देश के अन्य हिस्सों में भी उसके शिकार हैं।
पुलिस की अपील
नई दिल्ली जिला डीसीपी ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर 'ऑनलाइन बाबा' या 'तांत्रिक' जैसे दावों पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध पेज की शिकायत तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (www.cybercrime.gov.in) पर दर्ज कराएं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
