Delhi Good News: दिल्ली वालों के लिए खुशखबरी है। अब आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 से दिल्ली मेट्रो के मजेंटा लाइन तक पहुंचना आसान हो गया है। क्योंकि डीएमआरसी ने टर्मिनल-1 से डोमेस्टिक एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन तक बने नए सबवे को शुरू कर दिया है। अब मेट्रो स्टेशन पहुंचने के लिए न तो यात्रियों को लंबा पैदल चलना पड़ेगा ओर न ही लोगों से मेट्रो स्टेशन का पता पूछना पड़ेगा। यात्री जैसे ही टर्मिनल के अराइवल गेट से बाहर निकलेंगे, उन्हें सामने ही मेट्रो स्टेशन का सबवे नजर आ जाएगा। इसके अलावा मेट्रो से एयरपोर्ट आने वाले लोग भी अब आसानी से डिपार्चर गेट तक पहुंच सकेंगे।
मेट्रो के इस नए सबवे की जानकारी देते हुए डीएमआरसी के प्रिंसिपल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुज दयाल ने कहा कि, 130 मीटर लंबा यह नया अंडरग्राउंड सबवे आईजीआई डोमेस्टिक एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन और एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 को बेहतर कनेक्टिविटी देगा। इस सबवे के एंट्री और एग्जिट पर सीढ़ियों के अलावा दोनों तरफ दो एस्केलेटर्स और दो लिफ्ट की सुविधा भी दी गई है। मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों के पास काफी सामान होता है, इसलिए यहां पर सामान्य लिफ्टों के मुकाबले ज्यादा क्षमता वाली लिफ्टें लगाई गई हैं। इनमें एक बार में 26 लोग आ-जा सकते हैं। इस सबवे को सुंदर बनाने के लिए कई तरह के आर्ट वर्क भी लगाए गए हैं।
मौसम की मार से मिलेगा छुटकारा
मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, अभी तक एयरपोर्ट के अराइवल गेट से निकलने के बाद यात्रियों को करीब 300 मीटर पैदल चलकर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 3 पर पहुंचना पड़ता था। इसके बीच में एक रोड भी क्रॉस करनी पड़ती थी, जिससे मेट्रो के द्वारा एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब यात्रियों को इन सभी समस्याओं से छुटकारा मिल जाएगा। अब यात्री बारिश, सर्दी और गर्मी जैसे किसी भी मौसम में बगैर किसी परेशानी के इस सबवे से अपनी यात्रा जारी रख सकेंगे। एयरपोर्ट के अरावइल गेट से बाहर निकलते ही यात्रियों को सामने ही सबवे नजर आए जाएगा। जहां से वे सबवे में एंट्री कर सीधे मेट्रो स्टेशन पहुंच सकेंगे। बता दें कि, इस सबवे को पिछले साल ही खुल जाना था, लेकिन कोविड की वजह से मेट्रो की यह परियोजना डिले हो गई।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
