Delhi News: दिल्ली के अशोक नगर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां एक युवक बुर्का पहनकर प्रेमिका के घर पहुंचा और अपनी प्रेमिका को पांचवी मंजिल से नीचे फेंक दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। युवती को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित युवती के परिवार ने आरोपी के खिलाफ ज्योति नगर थाना में एफआईआर दर्ज कराई है।
आरोपी और पीड़िता में चल रही थी अनबन
पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक और युवती के बीच कुछ दिनों से अनबन चल रही थी। जिसकी वजह से उनकी बातचीत भी बंद थी। युवती के परिवार के सदस्य इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। पीड़िता ने 12वीं कक्षा पास की है और एक कंपनी में नौकरी कर रही है। युवक न्यू अशोक नगर में रहता है, वह एक किराना की दुकान पर काम करता है। दोनों के बीच तीन साल से दोस्ती थी, जो बाद में प्रेम में बदल गई थी।
बहस के बाद छत से नीचे फेंका
सोमवार को युवक ने बुर्का पहनकर प्रेमिका के घर की छत पर पहुंचा। जिसके बाद उसने युवती को फोन किया और छत पर मिलने के लिए बुलाया। इस दौरान किसी बात पर उनकी बहस हो गई। जिसके बाद युवक ने उसे पांचवीं मंजिल से नीचे फेंक दिया। इस मामले में पीड़िता के परिवार ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी और पीड़ित युवती दोनों अलग समुदाय के हैं। आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
