Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में सावन की शुरुआत से ही कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। वहीं कई हिस्से ऐसे हैं, जहां लोगों को अभी भी उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। जहां एक तरफ बारिश से ठंडक का अहसास हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ लोग पसीने में तरबतर दिख रहे हैं। कई हिस्से बूंदाबांदी के लिए भी तरस रहे हैं। मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार, दिल्ली के कई हिस्सों में शनिवार शाम हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली। वहीं कई क्षेत्र ऐसी भी रहे, जहां हल्की बारिश के कुछ ही मिनटों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। सड़कें खराब होने और जगह-जगह गड्ढे होने के कारण ट्रैफिक स्लो हो गया। एनसीआर की बात करें तो नोएडा-गाजियाबाद में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली है। आइए इस बीच जानें कैसा आज मौसम कैसा रहेगा -
दिल्ली में आज बारिश की संभावना
शनिवार के जैसे ही IMD ने रविवार यानी आज, 28 जुलाई को हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इससे शहर के तापमान में कमी आएगी। बता दें कि शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 36.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश की स्थिति को देखते हुए आज दिल्ली का न्यूनतम और अधिकतम तापमान 29 और 36 डिग्री रहने की संभावना है।
रविवार को बारिश की संभावना के बीच दिल्ली के लोगों का वीकेंड खुशनुमा बना रहेगा। यहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी और बारिश का आनंद लेने के लिए और सुहावने मौसम में मौज-मस्ती करने के लिए लोग बाहर जाने का प्लान बना सकते हैं।
एनसीआर में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने फरीदाबाद और गुरुग्राम में आज भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच नोएडा और गाजियाबाद में बूंदाबांदी होने की संभावना है। आज गुरुग्राम और फरीदाबाद में न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश 28 और 34 डिग्री रह सकता है। गौतमबुद्ध नगर में न्यूनतम तापमान 28 और अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक जा सकता है। वहीं गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान क्रमशः 26 और 35 रह सकता है।
कैसा रहेगा कल मौसम का हाल
मौसम विभाग ने रविवार के साथ कल का मौसम कैसा रहेगा इसका अपडेट भी जारी किया है। जारी अपडेट के अनुसार, दिल्ली में कल यानी 29 जुलाई को बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। यानी कल बारिश होने की संभावना कम है। लेकिन मौसम विभाग ने 30 और 31 जुलाई को बारिश का येलो अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, जुलाई के अंतिम दोनों दिनों में शहर में झमाझम बारिश होगी।
कैसा रहा शनिवार को मौसम का हाल
शनिवार को सुबह की शुरुआत उमस और गर्मी के साथ हुई। शाम करीब 5 बजे के बाद दिल्ली के रोहिणी, दिल्ली विश्वविद्यालय, कमला नगर, भजनपुरा, कालकाजी, संगम विहार, गोविंदपुर और रिज क्षेत्र सहित कई हिस्सों में बारिश शुरू हुई। कुछ मिनटों की बारिश में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी रही। दिल्ली विश्वविद्यालय में जहां तेज बारिश हुई, वहीं कुछ ही दूरी पर माल रोड और तिमारपुर क्षेत्र में बारिश की एक बूंद भी नहीं पड़ी। नोएडा और गाजियाबाद में भारी बारिश के अलर्ट के बीच कई हिस्सों में बूंदाबांदी दर्ज की गई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
