शुक्रवार शाम को दिल्ली-एनसीआर के मौसम ने हल्की करवट ली। देर शाम शहर के कई हिस्सों में ठंडी हवाएं चलीं। हालांकि इससे गर्मी पर कोई खास असर नहीं पड़ा, लेकिन मौसम में बदलाव की उम्मीद जरूर जाग गई। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज से दिल्ली में मौसम की चाल बदलने वाली है। वहीं एनसीआर क्षेत्रों में अभी भी हीटवेव का अलर्ट जारी है। आइए अब आपको बताएं आज मौसम का हाल-
दिल्ली में मौसम ने ली करवट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार शाम को चली हवाओं के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला है। मौसम विभाग ने भी आज दिल्ली में तेज हवाओं के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में बारिश की फुहार होने की भी संभावना जताई गई है। बताया जा रहा है कि दोपहर में शहर में भीषण गर्मी पड़ेगी और शाम होते ही 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और आंधी आने की भी संभावना है। पूरे वीकेंड पर मौसम की चाल कुछ इसी तरह की रहेगी।
दिल्ली में कब होगी मानसून की दस्तक
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में मानसून की एंट्री 22 से 23 जून तक हो सकती है। बताया जा रहा है कि मानसून 18 जून तक मध्य और पूर्वी भारत के बचे हुए हिस्सों के साथ उत्तर-पश्चिमी भारत के कुछ इलाकों को कवर कर लेगा। 19 से 25 जून की अवधि के दौरान यह उत्तर-पश्चिमी हिस्सों की ओर आगे बढ़ेगा और 22 -23 जून तक झमाझम बारिश के साथ दिल्ली में मानसून की दस्तक होगी।
एनसीआर में हीटवेव का अलर्ट जारी
जहां आज दिल्ली में तेज हवाओं के साथ आंधी और बारिश की फुहार का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं एनसीआर क्षेत्रों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आज फरीदाबाद, गुरुग्राम, गाजियाबाद और नोएडा में हीटवेव का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। यहां लोगों को कुछ और दिन भीषण गर्मी के साथ को हीटवेव की मार झेलनी पड़ेगी। तापमान की बात करें तो आज गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में अधिकतम तापमान क्रमश: 43 और 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 41 और गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
