दिल्ली-एनसीआर में बादलों का बरसना शुरू हो गया है। मंगलवार की दोपहर में तेज हवाओं आंधी के साथ बादलों ने पूरे-एनसीआर को घेर लिया और झमाझम बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसमी गतिविधियां दर्ज की जाएंगी। अगले कुछ घंटों तक अत्यधिक तेज वर्षा के कारण निचले इलाकों में जलभराव की समस्या हो सकती है। हवाओं और बारिश के कारण लोगों ने एसी कूलर के साथ पंखे तक बंद कर दिये।
दिल्ली में सुबह-सुबह रुक-रुक कर बारिश शुरू हुई और दिन भर जारी रही। दोपहर में थोड़ी देर के लिए शांति के बाद आसमान में फिर से काले बादल छा गए, जिसके बाद मध्य और दक्षिणी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद सहित कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पहले दिन में बारिश की भविष्यवाणी की थी और येलो एवं ऑरेंज अलर्ट जारी किए थे, जिसमें निवासियों को क्षेत्र में हल्की गरज और बिजली के साथ मध्यम बारिश की चेतावनी दी गई थी।
आईएमडी ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में मंगलवार को उत्तर-पश्चिम भारत में भारी बारिश की संभावना है। इसमें आगे कहा गया है, "7 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिम भारत में गरज, बिजली और तेज हवा (30-50 किमी प्रति घंटे की गति) के साथ छिटपुट से लेकर व्यापक वर्षा होने की संभावना है।"
मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हवा में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है, जिससे गर्मी से राहत मिली है। आईएमडी ने 8 और अक्टूबर को हवाओं के साथ बादलों के गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है। अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह सुहावना बना रह सकता है।
पिछले 2 दिन से बादलों की आवाजाही जारी है। रविवार रात को अचानक तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। सोमवार-मंगलवार को पूरे एनसीआर में बादल का डेरा है, जिससे दिन और रात्रि का तापमान तेजी के साथ गिरा है।
दिल्ली में प्रदूषण कितना है?
एनसीआर में मौसमी गतिविधियां जारी रहने से वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQ) में सुधार देखा जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश और तेज हवाओं के कारण हवा में मौजूद प्रदूषक तत्वों का स्तर कम हुआ है, जिससे वायु की गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया। फिलहाल, एनसीआर के लोग इस बदलते मौसम में शुद्ध हवा में सांस ले रहे हैं। दिल्ली का एक्यूआई 68 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच को संतोषजनक, 101 से 200 के बीच को मध्यम, 201 से 300 के बीच को खराब, 301 से 400 के बीच को बहुत खराब और 401 से 500 के बीच को गंभीर माना जाता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
