Delhi-NCR Ka Mausam (दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम कैसा रहेगा) 13-Nov-2025: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। यहां सर्दियों की शुरुआत हो गई है, सुबह-शाम के साथ दिन के दौरान भी निवासी गर्म कपड़े पहने हुए दिख रहे हैं। हालांकि दिन के समय धूप तेज हो रही है, जिससे हल्की गरमाहट महसूस की जा रही है और ठंड से राहत है, लेकिन जैसे ही दिन ढलने लगता है ठंड बढ़ने लगती है। रात के समय लोग कंबल ओढ़ने लगे हैं। तड़के सुबह लोग ठिठुरते हुए नजर आ रहे हैं। सुबह के समय मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों की संख्या में कमी आने लगी है। इस बीच दिल्ली प्रदूषण की भी मार झेल रहा है। शहर का एक्यूआई अब गंभीर श्रेणी में 400 के पार दर्ज किया जा रहा है।
दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली में आज 13 नवंबर को मौसम साफ रहेगा। लेकिन यहां कंपकंपा देने वाली ठंड की शुरुआत हो गई है। गर्म कपड़ों में भी हल्की ठिठुरन महसूस की जा रही है। हालांकि दिन के समय धूप खिली रहेगी। गुनगुनी धूप में लोगों को ठंड से राहत मिल रही है। आज भी शहर में अच्छी धूप खिली रहेगी। इस दौरान तापमान बढ़कर 25 से 26 डिग्री तक पहुंच सकता है। शाम होते ही फिर एक बार तापमान में कमी दर्ज की जाएगी। बता दें कि आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
दिल्ली एक्यूआई गंभीर श्रेणी में?
राजधानी दिल्ली की हवा अभी भी जहरीली बनी हुई है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए ग्रेप 3 लागू किया जा चुका है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली का एक्यूआई सुबह 7 बजे 413 दर्ज किया गया है। बता दें कि कल शाम 4 बजे की रिपोर्ट में दिल्ली का एक्यूआई 418 दर्ज किया गया था। कल से आज सुबह तक में एक्यूआई में 10 का अंतर है। लेकिन दिन चढ़ने के साथ शहर का एक्यूआई और बढ़ेगा। यहां जहरीली धुंध की परत छाई हुई है। बढ़ते प्रदूषण के साथ यहां सांसों का संकट अभी भी बरकरार है। बता दें कि दरियागंज इलाके में सीपीसीबी ने एक्यूआई 455 बताया है।
एनसीआर में मौसम का हाल?
दिल्ली से सटे गाजियाबाद, फरीदाबाद, नोएडा और गुरुग्राम में ठंड बढ़ रही है। यहां पारा लुढ़कता जा रहा है। तापमान कम होने के साथ प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है। धुंध की एक परत छाई हुई है। सुबह के समय कोहरा भी देखने को मिला है। आज गुरुग्राम और फरीदाबाद का न्यूनतम तापमान क्रमशः 26 और 28 डिग्री सेल्सियस रहा था, जबकि अधिकतम तापमान 10 से 11 डिग्री तक रह सकता है। वहीं गाजियाबाद और नोएडा का न्यूनतम तापमान 11 और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सुबह-शाम कड़ाके की ठंड का दौर जारी है और दिन के समय धूप खिली रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
